सोनाक्षी सिन्हा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

सोनाक्षी सिन्हा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, मुरादाबाद।  पैसे लेकर कार्यक्रम में शामिल न होने पर बॉलीवुड अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा सहित 7 लोगों के खिलाफ 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड कंपनी का मालिक मुरादाबाद निवासी प्रमोद शर्मा है। एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ कटघर सुदेश गुप्ता को सौंपी है। सोनाक्षी पर आरोप है कि उन्होंने कार्यक्रम आने के लिए पैसे लिए लेकिन आई नहीं। बता दें कि दिल्ली में 30 सितंबर 2018 को उन्होंने इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन किया था। जिसमें अवार्ड वितरण के लिए बॉलीवुड अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा को आना था। प्रमोद ने टैलेंट फुल ऑन कंपनी के मालिक अभिषेक सिन्हा से 24 लाख रुपए और उस रकम पर लगने वाली जीएसटी अदा करने का करार किया था। 

 

सोनाक्षी को बुलाने के लिए टैलेंट फुल ऑन कंपनी के पदाधिकारी ने एक्सीड एंटरटेनमेंट कंपनी के पदाधिकारी ध्रूमिल ठक्कर, एडगर सकारिया के अलावा सोनाक्षी की मैनेजर मालविका पंजाबी से संपर्क किया और जून माह में करार हो गया था। एक वीडियो वायरल कर सोनाक्षी ने कार्यक्रम में आने की जानकारी दी थी। 37 लाख रुपये की रकम मुरादाबाद से आनलाइन ट्रांसफर की गई थी। इनमें से चार लाख सोनाक्षी के खाते में ट्रांसफर किए थे। बाकी 33 लाख रुपये अभिषेक  की कंपनी टैलेंट फुल ऑन और उनकी पत्नी स्वाति के अलावा आशीष के खाते में डाले गए थे। सोनाक्षी और उनके साथ आने वाले स्टाफ के लिए फ्लाइट के टिकट, होटल में कमरे बुक कराए गए थे। इसके बाद 30 सितंबर को वो कार्यक्रम में नहीं आई। सोनाक्षी सिन्हा नहीं आई तो कार्यक्रम में विवाद हो गया। 

 

प्रमोद का आरोप है कि उनके साथ 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। वो करीब दो माह से प्रयास कर रहे थे कि उनको रकम वापस मिल जाए। रकम वापस न मिलने और आरोपी पक्ष द्वारा धमकी दिए जाने पर उन्होंने अब एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी जे रविन्दर गौड ने बताया कि प्रमोद की शिकायत पर सीओ कटघर सुदेश गुप्ता को जांच के लिए कहा गया है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में कार्यवाही की जाएगी। दूसरे पक्ष से ये जानने का प्रयास किया जाएगा कि वो किस वजह से कार्यक्रम में नहीं आए।

 

प्रमोद ने बताया कि 30 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में उनके साथ ही उनके पिता जगन्नाथ शर्मा सहित कई लोगों ने रकम लगाई थी। कार्यक्रम में सोनाक्षी के न आने पर विवाद हुआ और कार्यक्रम को रद्द करना पड़ गया था। लाखों रुपए डूब गए। आरोप लगाया कि इस सदमे में ही उनके पिता जगन्नाथ की अक्तूबर माह में मौत भी हो गई है। प्रमोद ने बताया कि कार्यक्रम के लिए उन्होंने उधार रुपये लिए थे, उधार देने वाले अब उन पर रकम वापस करने का दबाव बना रहे हैं।

Created On :   25 Nov 2018 7:02 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story