लोजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने चिराग पासवान, पिता रामविलास ने की ताजपोशी

लोजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने चिराग पासवान, पिता रामविलास ने की ताजपोशी

डिजिटल डेस्क, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 19 साल बाद नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। मंगलवार को रामविलास पासवान के पुत्र और लोजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। चिराग की विधिवत ताजपोशी दिल्ली में रामविलास पासवान के निवास पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में की गई। इसके बाद चिराग ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाली। 

लोजपा की स्थापना के बाद से अब तक रामविलास पासवान ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैैं। बीते दिनों रामविलास पासवान ने संकेत दिए थे कि चिराग को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी जाएगी। हाल ही में रामविलास पासवान की सहमति से उनके नवनिर्वाचित सांसद भतीजे प्रिंस राज को लोजपा के प्रदेश इकाई की कमान सौैंपी गई थी।

 

लोजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को दिल्ली में रामविलास पासवान के आवास 12 जनपथ में हुई। इसमें राष्ट्रीय कमेटी के सभी पदाधिकारी के साथ सभी प्रदेशों के अध्यक्ष ने भाग लिया। बैठक में चिराग पासवान के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी के साथ ही कई राजनीतिक प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

इस साल हुए लोकसभा चुनाव में भी सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में चिराग की अहम भूमिका निभायी थी। दिल्ली में चिराग की ताजपोशी का ऐलान करते हुए रामविलास पासवान ने कहा कि हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी अपना काम संभाले। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि चिराग के नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी। पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।

ज्ञात हो कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भले रामविलास पासवान खुद थे, लेकिन सारे फैसले चिराग ही लेते थे। हर चुनाव में उम्मीदवारों के चयन में भी उनकी भूमिका प्रमुख रहती थी। हालांकि संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष की हैसियत से यह उनके अधिकार क्षेत्र में ही था, लेकिन मंगलवार से चिराग ने पार्टी की कमान पूरी तरह से संभाल ली है। रामविलास पासवान चिराग पासवान को लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपेंगे हालांकि वो खुद केंद्र सरकार में मंत्री बने रहेंगे।

 

 

 

 

Created On :   5 Nov 2019 10:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story