सीएम बाटेंगे 125 किलो वाला लड्डू, नतीजे के पूर्व जश्न के मूड में भाजपाई

CM Fadnavis will distribute a 125 kg laddu after the results
सीएम बाटेंगे 125 किलो वाला लड्डू, नतीजे के पूर्व जश्न के मूड में भाजपाई
सीएम बाटेंगे 125 किलो वाला लड्डू, नतीजे के पूर्व जश्न के मूड में भाजपाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले भाजपा ने जीत का जश्न मनाने के लिए जोरशोर से तैयारी की है। भाजपा के विधायक व विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक राज पुरोहित 125 किलो का एक लड्डू तैयार करवा रहे हैं। इस लड्डू को गुरुवार दोपहर प्रदेश भाजपा लाया जाएगा।

351 लड्‌डुओं का एक लड्‌डू तैयार
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों इस लड्डू का वितरण होगा। इसके अलावा 100 किलो अलग से मोतीचूर के लड्डू भाजपा कार्यालय में आने वाले समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बांटा जाएगा। भाजपा विधायक पुरोहित ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि यह लड्डू लगभग 3.50 फीट ऊंचा होगा। 125 किलो के लड्डू को 351 छोटे-छोटे लड्डूओं को मिलाकार तैयार किया जा रहा है। 351 छोटे-छोटे लड्डूओं का इस्तेमाल इसलिए किया जा रहा है ताकि भाजपा लोकसभा की 351 सीटें जीत सके। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि 125 किलो का स्पेशल लड्डू बनाने के लिए बुधवार 11 बजे से लगभग 15 कारीगर लगे हुए हैं। गुरुवार सुबह तक यह लड्डू बनकर तैयार हो जाएगा।

पार्टी कार्यालय को सजाया
बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव नतीजों के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर एक एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। पार्टी कार्यालय को आकर्षक रूप से सजाया गया है। गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस पार्टी कार्यालय में पहुंचेंगे। इसके अलावा मुंबई भाजपा अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यालय में मौजूद रहेंगे। मुंबई भाजपा के प्रवक्ता अतुल शाह की तरफ से भी 20 हजार लड्डू बांटे जाएंगे।    भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी कार्यालय के बाहर अच्छी खासी भीड़ लगने लगी है। उल्लेखनीय है कि जैसे-जैसे मतगणना की घड़ी समीप आ रही है भाजपा नेताओं का उत्साह भी बढ़ते जा रहा है। एग्जिट पोल से भाजपा को बहुमत का आंकड़ा पार करने की बात कही जा रही है। फलस्वरुप भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह में हैं और नतीजे के पहले ही जश्न मनाने की पूरी तैयारी कर लिए हैं। 

Created On :   22 May 2019 1:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story