ठंड से राहत के नहीं आसार, और दो-तीन दिन रहेगी सर्दी

Cold effect will continue for two to three days more, no relief
ठंड से राहत के नहीं आसार, और दो-तीन दिन रहेगी सर्दी
ठंड से राहत के नहीं आसार, और दो-तीन दिन रहेगी सर्दी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। फिलहाल शहरवासियों को ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। पिछले 3 दिनों से रात का पारा 7 से 8 डिग्री के मध्य बना हुआ है। शुक्रवार की सुबह भी लोग राहत पाने धूप का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिन और ठंड रहेगी। नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की पहाड़ियों से टकरा गया है और इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तथा पंजाब, हरियाणा व राजस्थान में तेज बौछारों के आसार हैं। हवा का बहाव उत्तर की ओर से रहने से इसका असर विदर्भ सहित मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ पर भी रहेगा। विदर्भ के कई स्थानों पर शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा।  

सुबह सर्द हवाओं ने घेरा
शुक्रवार की सुबह से ही ठंड बनी हुई है, जबकि गुरुवार को सर्द हवाओं से और अधिक ठंड महसूस की गई। सुबह से ही 2 से 5 किमी की गति से हवा बही। इससे ठंड और चुभन के चलते लोग दिन भर गर्म कपड़ों में नजर आए। हालांकि दोपहर में हवा की गति घटी और धूप का तीखापन भी बना रहा। शाम ढलते ही हवा ने फिर जोर पकड़ा। देर रात हवा का बहाव कुछ कम हुआ, लेकिन ठंडक के बने रहने से लोग कंपकंपाते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री नीचे रहा। अधिकतम तापमान सामान्य पर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 83 व न्यूनतम 54 प्रतिशत रही।

बंगलुरु का विमान रद्द
बंगलुरु से उड़ान भरकर नागपुर पहुंचने वाला इंडिगो का विमान गुरुवार को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया। इसके अतिरिक्त तीनों विमानों को कोहरे के कारण नागपुर पहुंचने में देरी हुई। जानकारी के अनुसार, बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-365 रद्द कर दिया गया। वहीं, हैदराबाद से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-7102 अपने तय समय शाम 6.20 बजे से करीब 1 घंटा देरी से, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-221 अपने तय समय रात करीब 1 घंटा देरी से पहुंचा। वहीं, बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक- 6921 अपने तय समय रात 10.45 बजे से करीब 1 घंटा देरी से संतरानगरी के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचने की संभावना जताई गई।
 

Created On :   11 Jan 2019 5:42 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story