सर्दी का कहर : 'साल 2018' के दूसरे दिन दिल्ली से बिहार तक रहा कोल्ड-डे

cold wave in new delhi bihar patna up and mp weather
सर्दी का कहर : 'साल 2018' के दूसरे दिन दिल्ली से बिहार तक रहा कोल्ड-डे
सर्दी का कहर : 'साल 2018' के दूसरे दिन दिल्ली से बिहार तक रहा कोल्ड-डे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2018 का दूसरा दिन मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है, जबकि पहला दिन यानि 1 जनवरी कोल्ड-डे रहा था। एक ही दिन में अधिकतम तापमान सीधे 8 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, वहीं मंगलवार को यह 15.2 डिग्री सेल्सियस पर लुढ़क गया। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी में जनवरी के पहले हफ्ते में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य है, लेकिन न्यूनतम तापमान अब तक 8 डिग्री सेल्सियस से कम नहीं रिकॉर्ड किया गया है। जीआईसी में मौसम प्रभारी निसार अहमद अंसारी ने बताया कि मंगलवार को यूपी के लखनऊ में अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने की वजह से मौसम में ऐसी अनिश्चितता बनी हुई है। पंत नगर स्थित कृषि विवि में मौसम वैज्ञानिक डा. एचएच कुशवाहा ने बताया कि पिछले दो तीन सालों में सर्दी के मौसम की अनिश्चिता बढ़ती जा रही है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।

राजधानी "दिल्ली की सर्दी"
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दोनों ही आंकड़े इस मौसम में सामान्य से नीचे है। रेलवे के आधिकारिक डेटा के अनुसार, 31 दिसंबर की मध्यरात्रि में कोहरे के कारण देरी से चलने के कारण 400 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें अपने गंतव्य तक विलंब से पहुंचीं। सोमवार सुबह 6:30 बजे 56 ट्रेनें देरी से पहुंचीं और 20 को दोबारा शेड्यूल किया गया जबकि 15 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।

 


UP का हाल
पहाड़ों पर बर्फवारी और मैदान में शीतलहर से साल 2018 का पहला दिन का तापमान 5.5 डिग्री तो रात का पारा 3.3 डिग्री धड़ाम रहा था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार का दिन कोल्ड डे कंडीशन पर पहुंच गया था। मंगलवार को भी यही हाल रहा। मेरठ, लखनऊ, झांसी, बनारस, इलाहाबाद जैसे बड़े शहरों में तो हल्की धूप के ही दर्शन हुए हैं। अभी 5 जनवरी तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा।

मौसम विशेषज्ञ कहते हैं कि यदि दो घंटे भी धूप ठीक से खिल जाए तो ठिठुरन का असर कम हो सकता है। रात में गिर रहा पाला खून को जमने पर मजबूर कर रहा है। पाले के कारण शरीर में गलन से महसूस हो रही है।

MP में अगले 24 घंटे ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह ठिठुरन का असर बना रहा, वहीं कई हिस्सों में कोहरा छाने से जन-जीवन प्रभावित हुआ. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है. राज्य की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह से मौसम साफ है, धूप खिली है, मगर चल रही ठंडी हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही है. इसके अलावा ग्वालियर, चंबल व सागर संभागों के कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे जन-जीवन प्रभावित हुआ.

मौसम विभाग के मुताबिक, अभी हवाओं का रुख पूरी तरह उत्तरी नहीं हुआ है, जिससे दिन का तापमान बढ़ा हुआ है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर होने से राज्य में ठंड और बढ़ सकती है, वहीं आगामी 24 घंटों में रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन संभागों के कई स्थानों पर सामान्य से घना कोहरा छा सकता है।

बिहार का हाल
बिहार की करें तो यहां नये साल 2018 के पहले दिन की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कुहासे से हुई, हालांकि दोपहर में हल्की धूप रही, लेकिन दिन भर पछुआ हवा चलने से कंपकंपी रही. यहां कोहरा छंटते ही आसमान साफ हो गया है जिस कारण पश्चिमी विक्षोभ का असर अब सीधा बिहार पर पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश और नेपाल से आ रही ठंडी हवाओं के कारण बिहार को अगले दो दिनों के लिए कोल्ड डे घोषित कर दिया गया है. राजधानी पटना सहित मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, छपरा, पूर्णिया व सुपौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

6 जनवरी तक स्कूल बंद
ठंड के चलते पटना जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई 6 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। डीएम कुमार रवि ने कक्षा 8 तक शिक्षण कार्य बंद करने और ऊपर की कक्षाओं के लिए शिक्षण कार्य 9.30 बजे के बाद करने का आदेश दिया है।

झारखंड का हाल
झारखंड में शीत लहरी के साथ ही ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आयी है। साल के दूसरे दिन भी ठंड भरी हवा ने लोगों को कंपकपा दिया। संभावना व्यक्त की गयी है कि सूबे में ठंड बढ़ेगी और तापमान में लगातार गिरावट आएगी। मंगलवार को दोपहर दो बजे राजधानी रांची का तापमान 21डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया हालांकि यहां सूर्य अपनी किरणें बिखेर रहा है। रांची में आज हवा 11 किमी प्रतिघंटा चल रही है।

Created On :   2 Jan 2018 3:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story