मोदी ने कहा- अभी भी आपातकाल के रास्ते पर कांग्रेस, बनाती है भय का माहौल

Congress creates atmosphere of fear when in crisis - PM Modi
मोदी ने कहा- अभी भी आपातकाल के रास्ते पर कांग्रेस, बनाती है भय का माहौल
मोदी ने कहा- अभी भी आपातकाल के रास्ते पर कांग्रेस, बनाती है भय का माहौल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल की 43 वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि साल 1975 में कांग्रेस की आपातकाल लागू करने की मानसिकता और वर्तमान कांग्रेस की सुप्रीम कोर्ट के मुख्य जस्टिस दीपक मिश्र के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की मानसिकता में कोई अंतर नहीं आया है। कांग्रेस अब भी आपातकाल के दिनों वाले रास्ते पर चल रही है। मंगलवार को मुंबई भाजपा की तरफ से बिरला मातोश्री सभागार में ‘1975- आपातकाल- लोकतंत्र पर आघात, विकास मंत्र-लोकतंत्र विचार संबोधन सभा’ का आयोजन किया गया। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब-जब कांग्रेस और गांधी परिवार पर संकट आया तब-तब देश में डर का माहौल पैदा किया गया। जब से गांधी परिवार से सत्ता की कुर्सी छिनी है तब से चिल्लाना शुरु किया है कि देश को खतरा है, देश तबाह होने वाला है, सिर्फ हम ही बचा सकते हैं। मोदी ने कहा कि देश में जब भी कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को अपनी कुर्सी जाने का संकट महसूस हुआ है, तब उन्होंने चिल्लाना और बोलना शुरू किया है कि देश संकट से गुजर रहा है। पार्टी काल्पनिक डर फैलाने का काम कर रही है कि देश में दलित और अल्पसंख्यक खतरे में हैं। देश में भय का माहौल है, देश तबाह हो जाएगा। इसको सिर्फ हम ही बचा सकते हैं।

आपातकाल देश के इतिहास पर एक धब्बा
मोदी ने कहा कि आपातकाल देश के स्वर्णिम इतिहास पर काला धब्बा है। देश में कभी किसी ने सोचा नहीं था कि सत्ता सुख के मोह और परिवार भक्ति के पागलपन में हिन्दुस्तान को जेल खाना बना देंगे। मोदी ने कहा कि वह कौन सी मानसिकता होगी जो सत्ता सुख के लिए अपनी ही पार्टी के टुकड़े कर दिए। ऐसे लोगों को लोकतंत्र के प्रति किस तरह की श्रद्धा हो सकती है। मोदी ने कहा कि गांधी परिवार ने कभी यह कल्पना भी नहीं की होगी को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगेंगे और वह जमानत पर बाहर रहेंगे।

किशोर कुमार का क्या गुनाह 
मोदी ने कहा कि आपातकाल के दौरान मशहूर गायक किशोर कुमार ने क्या गुनाह किया था। कांग्रेस ने उन्हें गाने-बजाने के लिए बुलाया, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। इसके बाद रेडियो पर किशोर कुमार के गानों पर पाबंदी लगा दी गई। कर्नाटक के बाद EVM की याद नहीं आई। मोदी ने EVM पर लगातार सवाल उठाने वाली कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अहंकार का नतीजा है कि पार्टी 400 से घटकर महज 44 सीटों पर सिमट गए हैं। मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद कांग्रेस को EVM की याद नहीं आई। 

मीडिया वाले दिन रात डराते हैं 
मोदी ने कहा कि मीडिया वाले हम लोगों को दिन रात डराते हैं। छोटी बात में भी बाल नोंच लेनी की ताकत रखते हैं, लेकिन आपातकाल के दिनों में मीडिया का यह हाल था कि जिसको झुकने के लिए कहा जाता था वह लोट जाता था। इससे समझ में आता है कि जुल्म की तीव्रता कितनी रही होगी। मोदी ने कहा कि आपातकाल के खिलाफ इंडियन एक्सप्रेस के रामनाथ गोयनका और कुलदीप नैयर और स्टेट्समैन अखबार ने आवाज उठाई। मोदी ने कहा कि नैयर हमारे आलोचक हैं, लेकिन मैं उनको सलाम करता हूं। क्योंकि उन्होंने आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई थी। मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय मीडिया की हालत कैसी थी। यह हम सभी जानते हैं।

संविधान को कांग्रेस से धोखा: फडणवीस 
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाने की बात करती है, लेकिन देश के संविधान को सबसे अधिक धोखा कांग्रेस और उनके सहयोगियों से है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल को थोपा, लेकिन जनता झुकी नहीं। जनता ने पार्टी को करारा जवाब दिया।

जब पुलिस से भिड़ गए विधायक योगश सागर 
पार्टी की तरफ से आयोजित सभा स्थल पर काफी अव्यवस्था नजर आई। सभागार की क्षमता से अधिक लोगों को बुलाए जाने के कारण भीड़ काफी हो गई थी। पार्टी ने आपातकाल के दौरान जेल में सजा काटने वाले लोगों को नागपुर और औरंगाबाद से बुलाया था, लेकिन प्रधानमंत्री के पहुंचने के बावजूद पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसको देखते हुए मुंबई के भाजपा विधायक योगश सागर ने अपने हाथ ही सभा स्थल का मुख्य गेट खोलने लगे, लेकिन पुलिस ने सागर को ऐसा करने से रोक दिया।

इस दौरान विधायक सागर और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर कहासुनी हुई। भाजपा नेता व प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल, पशुपालन मंत्री महादेव जानकर, कृषि राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत को काफी जद्दोजहद के बाद प्रवेश मिल सका। हालांकि अधिकांश समय तीनों मंत्री कार्यक्रम में खड़े रहकर ही मोदी के भाषण को सुना। भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी प्रवेश न मिलने से नाराज होकर लौट गए। 

Created On :   26 Jun 2018 1:02 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story