भोपाल में दमदार रोड शो के बाद बोले राहुल- एमपी में बदलाव का करंट है और वो भी 440 वोल्ट वाला

Congress president Rahul Gandhi mega road show in Bhopal today for  2018 assembly election
भोपाल में दमदार रोड शो के बाद बोले राहुल- एमपी में बदलाव का करंट है और वो भी 440 वोल्ट वाला
भोपाल में दमदार रोड शो के बाद बोले राहुल- एमपी में बदलाव का करंट है और वो भी 440 वोल्ट वाला
हाईलाइट
  • भेल दशहरा मैदान पर हजारों कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
  • भोपाल में राहुल गांधी ने किया 12 किलोमीटर लंबा रोड शो
  • रोड शो को मिला व्यापक जनसमर्थन
  • हजारों की संख्या में कार्यकर्ता रहे शामिल के जरिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें इस बार प्रदेश की जनता का मूड देखकर लग रहा है कि एमपी में बदलाव का करंट है और वो भी 440 वोल्ट वाला। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में शिवराज सरकार का जाना तय है। राहुल गांधी ने कहा, "यहां पर आपके मुख्यमंत्री ने 20,000 अलग-अलग वायदे किए हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में रोजगार नहीं दे पा रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी तो चाहे व्यापम के चोर हों या ई-टेंडरिंग के चोर हों, उनको हम विजय माल्या की तरह भागने नहीं देंगे, उन सब को जेल में डाल देंगे। 

गौरतलब है कि राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने अपना प्रचार अभियान यहां तेज कर दिया है। सोमवार को राहुल गांधी की रैली में दिखा अपार जनसैलाब, यह दर्शा भी रहा है कि इस बार चुनाव में कांटे की टक्कर हो सकती है। राहुल की इस रैली को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। बता दें कि भोपाल के भेल दशहरा मैदान में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने से पहले राहुल गांधी ने रोड शो भी किया। 12 किलोमीटर लंबा उनका यह रोड शो लालघाटी से शुरू होकर BHEL दशहरा मैदान पर खत्म हुआ। लालघाटी चौराहे पर बनाए गए मंच पर राहुल का मंत्रोच्चारण के साथ 11 कन्याओं द्वारा तिलक किया गया। रोड शो के दौरान कई जगहों पर राहुल का भव्य स्वागत किया गया।

एमपी चुनाव के लिए राहुल ने भरी हुंकार :

  • कांग्रेस पार्टी पंचायती राज में विश्वास करती है। हम प्रधानों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों को शक्ति देंगे और पंचायती राज कानून को आगे बढ़ाएंगे।
  • कांग्रेस पार्टी सबकी सरकार चलाती है चाहे वो आदिवासी हों, दलित, ओबीसी या सामान्य वर्ग के हों। हमारी ये सोच है कि मध्य प्रदेश में सबको आवाज़ मिलनी चाहिए। आदिवासियों का हक हम पूरा करके देंगे
  • मैं कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष हूं। मेरे लिये सबसे पहली जिम्मेदारी मध्य प्रदेश की जनता है, दूसरे नंबर पर जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर है, कांग्रेस के नेता तीसरे नंबर पर आते हैं।
  • आज जो कांग्रेस में है, वो कांग्रेस में है। जो पैराशूट से टपकेगा वो कांग्रेस पार्टी में खुशी से आ सकता है मगर टिकट टपकने वाले को नहीं मिलने वाला।
  • मध्य प्रदेश में बदलाव का करंट है और वो भी 440 वोल्ट वाला! 
  • कार्यकर्ताओं ने काफी सालों से जो लड़ाई लड़ी है, उसका फायदा आपको मिलना चाहिए और ये मेरी जिम्मेदारी है।
  • विजय माल्या, मोदी जी के दोस्त नीरव मोदी और मेहुल भाई चोर नहीं हैं। लेकिन, जब हिंदुस्तान का किसान कर्जा वापस नहीं दे पाता तो वो चोर है।
  • देश के चौकीदार ने कहा था कि पेट्रोल के दाम बढ़ गये हैं, मैं कम करुंगा। क्या आज देश का चौकीदार एक भी शब्द बोल रहा है?
  • जैसे ही 2019 में कांग्रेस पार्टी की सरकार आयेगी वैसे ही गब्बर सिंह टैक्स खत्म होगा और एक जीएसटी लागू होगा।
  • नरेन्द्र मोदी जी ने हिंदुस्तान के गरीबों, छोटे दुकानदारों की जेब से पैसा निकाल कर हिंदुस्तान के 10-15 अमीर लोगों की जेब में डाला है। ये है गब्बर सिंह टैक्स
  • नोटबंदी का एक ही लक्ष्य था कि हिन्दुस्तान के चोरों का काला धन सफेद धन में बदल दो, पूरे देश की जनता को लाईन में लगा दिया।
  • चार साल में मोदी जी ने साढ़े बारह लाख रुपये का एनपीए किया, नोटबंदी करके आपका पैसा आपके जेब से निकालकर विजय माल्या जैसे लोगों की जेब में डाला है।
  • मैं चाहता हूं जब चीन का युवा जब अपना फोन देखे तो उसके पीछे मेड इन इंडिया लिखा हो और ये काम भाजपा आरएसएस के लोग कर ही नहीं सकते। क्योंकि, इनको समझ ही नहीं है।
  • यहां पर आपके मुख्यमंत्री ने 20,000 अलग-अलग वायदे किये हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में रोजगार नहीं दे पा रहे हैं।
  • मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आयेगी तो चाहे व्यापम के चोर हों या ई-टेंडरिंग के चोर हों, उनको हम विजय माल्या की तरह भागने नहीं देंगे।
  • 526 करोड़ रुपये का हवाई जहाज यूपीए सरकार ने खरीदा था, वही हवाई जहाज नरेन्द्र मोदी जी ने 1600 करोड़ रुपये में खरीदा है।
  • अंबानी जी ने जिंदगी में कभी हवाई जहाज नहीं बनाया लेकिन अंबानी जी और चौकीदार के बीच दोस्ती है।
  • मोदी जी ने स्वयं एचएएल से राफेल हवाई जहाज का कांट्रैक्ट छीना और अपने मित्र अनिल अंबानी को कांट्रैक्ट दिया| जब प्रधानमंत्री जी पेरिस गये तब उनके प्रतिनिधिमंडल में अनिल अंबानी थे, उन पर 45000 करोड़ रुपये का कर्जा है।
  • माल्या जी भाग गये और अरुण जेटली जी ने उनको भागने दिया। मध्य प्रदेश और हिंदुस्तान के युवाओं का 9000 करोड़ रुपया चोरी करके ले गया।
  • कुछ ही दिन पहले विजय माल्या का लंदन में कहता है कि हिंदुस्तान से भागने से पहले अरुण जेटली के साथ मेरी मीटिंग हुई और उनको मैंने बताया कि लंदन जा रहा हूं।
  • मध्य प्रदेश के युवाओं से पूछो कि क्या करते हो तो कहते हैं कि कुछ नहीं करते। बस योजनाओं के बारे में सुनते हैं, घोषणाएं सुनते हैं हमें कुछ नहीं मिलता।
  • मध्य प्रदेश सबसे आगे निकल गया है। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बलात्कार, शोषण में नम्बर वन बन गया है| उधर प्रधानमंत्री जी घोषणा करते हैं, खोखले वायदे करते हैं। वो वहां कहते हैं यहां रिपीट होता है।
  • कांग्रेस का व्यक्ति नफरत, क्रोध, गुस्सा नहीं फैलाता है। खोखले वायदे भी नहीं करता।
  • आज आपने बहुत शानदार प्रोग्राम किया, इसके लिये दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद! हमारी और बीजेपी की अलग विचारधाराएं हैं, वो नफरत और क्रोध से लड़ते हैं और हम प्यार से, गाने से लड़ते हैं

यूं चला दिन भर का कार्यक्रम

05.30 PM : राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।

05.00 PM : राहुल गांधी का रोड शो BHEL दशहरा मैदान पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं।

04.15 PM: राहुल गांधी का काफिला एमपी नगर पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की।

03:40 PM राहुल गांधी ने महाराज अग्रेसन चौराहे पर विराज भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की

03:00 PM कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रोड के शो के दौरान पीर गेट स्थित राजू टी स्टॉल पर किया चाय, नाश्ता कार्यकर्ताओं के साथ ली सेल्फी

02:00 PM कोहेफिजा, पॉलिटेक्निक चौराहा,रॉयल मार्केट ब्रिज, पीर गेट पर स्वागत के लिए उमड़े कार्यकर्ता 

01:12 PM कई जगहों पर राहुल गांधी का किया जा रहा है स्वागत

01:13 PM हजारों की संख्या में रोड शो में शामिल होने पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ता

01:12 PM 11 ब्राह्मणों ने स्वस्ति वाचन करने के साथ ही किया शंखनाद 

01:11 PM ग्यारह कन्याओं ने किया राहुल गांधी को तिलक लगाकर किया स्वागत

01:00 PM लालघाटी चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का किया जोरदार स्वागत

12.50 PM प्रदेशध्यक्ष कमलनाथ, दीपक बावरिया, सिंधिया, कांतिलाल भूरिया समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने किया स्वागत

12.45 PM राजाभोज विमान तल पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजू टी-स्टॉल पर किया चाय-नाश्ता 
 

 

कटआउट से गायब दिग्विजय
राहुल गांधी की रैली के सभास्थल पर कमलनाथ, ज्योतिरादित्य, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया के 25 से 26 फीट तक के कटआउट लगे हैं। लेकिन दिग्विजय के कटआउट गायब हैं। इस पर भाजपा ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि कांग्रेस में हर नेता मुख्यमंत्री बनना चाहता है। इसी कारण ऐसा हुआ है और कमलनाथ और सिंधिया ने खुद को दिखाने के लिए दिग्विजय का कटआउट नहीं लगवाया।

कांग्रेस का हिंदुत्व कार्ड
राहुल का ये दौरा पूरी तरह से सॉफ्ट हिन्दुत्व एजेंडे के साथ शुरू हो रहा है। लालघाटी पर राहुल के स्वागत के लिए बनाए गए मंच से 11 कन्याएं उनका तिलक किया और 11 ब्राह्मण स्वस्ति वाचन करने के साथ ही शंखनाद किया। भोपाल में जगह-जगह राहुल गांधी के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें शिवभक्त के तौर पर पेश किया गया है।हालांकि इन पोस्टर्स को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा है। रविवार रात में इन्हीं पोस्टर को नगर-निगम द्वारा हटाने पर कांग्रेसियों के चक्का जाम किया था।

कई स्थानों पर होगा स्वागत
12 किलोमीटर लंबे रोड शो में राहुल गांधी का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कई स्थानों पर स्वागत किया जा रहा है। राहुल के स्वागत के लिए दो दिन पहले से तैयारियां कर ली गई थी। राहुल का रोड शो लालघाटी सर्कल से शुरू होकर कलेक्टोरेट रोड, रॉयल मार्केट ब्रिज, पीर गेट, वीआईपी रोड सर्कल, पॉलिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा सर्कल, अपेक्स बैंक सर्कल, बोर्ड ऑफिस सर्कल और कस्तूरबा नगर सर्कल के रास्ते होते हुए भेल दशहरा मैदान के लिए ओर रवाना हो रहा है। इस दौरान उनके लिए सात जगहों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं, जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे हैं।

Created On :   17 Sep 2018 2:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story