मराठवाड़ा से शुरु होगी कांग्रेस की जन संघर्ष यात्रा, सूखा घोषित करने की मांग

congress will start jan sangharsh yatra from marathwada maharashtra
मराठवाड़ा से शुरु होगी कांग्रेस की जन संघर्ष यात्रा, सूखा घोषित करने की मांग
मराठवाड़ा से शुरु होगी कांग्रेस की जन संघर्ष यात्रा, सूखा घोषित करने की मांग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि राज्य में कम बारिश की वजह से कई इलाकों में सूखा पड़ गया है। खरीफ की फसल पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इस लिए राज्य सरकार सूखे जैसी स्थिति नहीं बल्कि राज्य में सूखा घोषित करें। चव्हाण ने कहा कि जलयुक्त शिवार योजना में करोड़ो रुपए खर्च करने के बावजूद कोई लाभ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया है कि इसमें करोड़ों रुपयों का घोटाला हुआ है।

मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चव्हाण ने कहा कि राज्य सरकार सूखे जैसी स्थिति घोषित करने की बात कह कर जनता के साथ धोखा कर रही है। जबकि राज्य के कई इलाको में स्थिति खराब होती जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए शुरु पार्टी की जन संघर्ष यात्रा के अगले चरण की शुरुआत बुधवार, 24 अक्टूबर को तुलजापुर से शुरु होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राज्य में सूखा घोषित करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार हमारी बात सुनने को तैयार नहीं। इससे किसानों में नाराजगी है।

इस लिए संघर्ष यात्रा के दौरान हम मराठवाडा के किसानों से संवाद साधेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल चारा छावनी और टैंकर से जलापूर्ति शुरु करे। कांग्रेस नेता ने बताया कि संघर्ष यात्रा के इस चरण में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पार्टी प्रभारी मल्लिकार्जुन खडगे, विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखेपाटील, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व मंत्री बाला साहेब थोरात, हर्षवर्धन पाटील आदि नेता हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के जन संघर्ष यात्रा का समापन आगामी 1 नवंबर को औरंगाबाद में होगा।

Created On :   23 Oct 2018 6:55 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story