प्रचंड गर्मी के आगे फेल हुए कूलर-एसी, राहत के नहीं कोई आसार

Cooler ac failing ahead of summer,no hope of relief maharashtra
प्रचंड गर्मी के आगे फेल हुए कूलर-एसी, राहत के नहीं कोई आसार
प्रचंड गर्मी के आगे फेल हुए कूलर-एसी, राहत के नहीं कोई आसार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी सहित पूरे विदर्भ में गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। अप्रैल माह में पड़ रही प्रचंड गर्मी से मई और जून की तपन का अंदाजा लगाया जा सकता है। शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप के चलते लोग कूलर और एसी का सहारा लेते नजर आए, जबकि गुरुवार को भी लगभग ऐसा ही हाल था। सुबह से ही सूरज आग उगलता नजर आया। रात में भी कूलर और एसी काम नहीं कर रहे थे।नागपुर का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री पहुंच गया। पारा बढ़ने से गर्मी में और इजाफा हो सकता है। चिलचिलाती धूप से परेशान शहरवासियों को और कड़ी धूप का सामना करना पड़ सकता है। नागपुर समेत पूरे विदर्भ में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। विदर्भ के कई जिलों में लू की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार,गुरुवार को नागपुर में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा। विदर्भ में अकोला, अमरावती, ब्रह्मपुरी, चंद्रपुर, वर्धा में लू की चेतावनी दी गई है। नागपुर, गडचिरोली व यवतमाल को भी इसी श्रेणी के पास रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नागपुर में तापमान और बढ़ेगा। शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री रह सकता है। दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है। तापमान में आ रहे जबरदस्त उछाल का असर इंसानों के साथ ही पक्षियों पर भी पड़ रहा है। दोपहर में सड़क पर सन्नाटा छाया रहा।  चिलचिलाती धूप के कारण पक्षी भी कम ही नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार  आगामी दिनों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र-विदर्भ और कोंकण के तटीय इलाकों में औसत से ज्यादा गर्मी पड़ सकती है।

इसलिए बढ़ रहा तापमान
वैसे तो विदर्भ में हर साल गर्मी रिकार्ड तोड़ती है। बीच-बीच में मौसम में बदलाव के चलते उमस भरी गर्मी लोगों को हलाकान कर रही है। ग्लोबल वार्मिंग, बार-बार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय शहरी कारक न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि के कारण दिनों-दिन गर्मी बढ़ रही है।

Created On :   26 April 2019 6:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story