पत्नी के हत्यारे एंकर सुहैब को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

पत्नी के हत्यारे एंकर सुहैब को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया मोस्ट वांटेड के क्राइम एंकर सुहैब इलियासी की तकदीर का फैसला दिल्ली की अदालत ने कर दिया है। सुहैब को दिल्ली की कडकडडूमा कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। इलियासी को कोर्ट ने अपनी पत्नी की हत्या के मामले में दोषी करार दिया था। जिसके बाद आज अदालत ने सुहैब की सजा का ऐलान किया। देशभर में खूंखार मुजरिमों की आंखों की किरकरी बन चुके सुहैब ने अपनी पत्नी की हत्या कर सुसाइड की स्क्रिप्ट तो जोरदार लिखी थी, लेकिन कानून के शिकंजे से वह खुद को नहीं बचा सका।

 

सुहैब को आजीवन कारावस

सुहैब इलियासी ने 17 साल पहले अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या की थी। इस मामले में आज दिल्ली की कोर्ट में बहस होने के बाद सजा सुनाई गई है। सुहैब को अब आजीवन जेल में रहना होगा। बता दें कि साल 2000 को अंजू इलियासी का उनके पूर्वी दिल्ली के घर में खून से सना शव मिला था। उनके शरीर पर चाकू घोंपे जाने के निशान पाए गए थे।


                                          संबंधित इमेज

 

ये है मामला

11 जनवरी 2000 को सुहैब के घर पर उनकी पत्नी अंजू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मर्डर करने के लिए कैंची का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले में पहले यह माना जा रहा था कि दहेज प्रताड़ना से परेशान अंजू ने खुदकुशी की है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे खुदकुशी माना गया और सुहैब पर गैरइरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में साल 2014 में अंजू इलियासी की मां रूक्मा सिंह की अपील पर हाइकोर्ट ने सुहैब के खिलाफ सोची समझी साजिश के तहत कत्ल की धारा में मुकदमा चलाने का आदेश दिया था।

 

ऐसे किया पुलिस को गुमराह

सुहैब ने उस वक्त अपनी पत्नी अंजू की मौत की जो कहानी सुनाई थी वो बेहद चौंकाने वाली थी। सुहैब ने पुलिस को बताया था कि वो रात में जब काम से घर लौटे थे तो उनकी अंजू से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान अंजू ने पहले रिवॉल्वर निकालकर खुद को गोली मारने की नाकाम कोशिश की और इसके ठीक बाद उसने किचन में जाकर खुद पर ही चाकू से हमला कर लिया।

                               संबंधित इमेज

 

उस रोज सुहैब ने पुलिस को बताया कि वो खून से लथपथ अंजू को पहले पास के नर्सिंग होम ले गए। बाद में अंजू को एम्स ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। सुहैब ने अपने बयान में इस बात को खुद कुबूल किया था कि अंजू की मौत से पहले उनके और अंजू के बीच में कहासुनी हुई थी। सुहैब का कहना था कि चड्ढा नाम का एक शख्स जो उनका फैन था, उससे अंजू बहुत चिढ़ती थी और उसी नरेंद्र चड्ढा को लेकर आखिरी बार उनकी अंजू से कहासुनी हुई थी। पत्नी की हत्या के बाद सुहैब ने अंजू की फ्रैंड को फोन करके बताया था कि उसने सुसाइड कर लिया है। बाद में अंजू के परिवारवालों ने सुहैब पर ही दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया था।

 

कौन है सुहैब इलियासी

सुहैब इलियासी मार्च, 1998 में पॉपुलर टीवी क्राइम शो इंडियाज मोस्ट वांटेड को होस्ट करने के कारण चर्चा में आए थे। इससे पहले वे टीवी एशिया में बतौर कैमरामैन काम कर चुके थे। 1995 में उन्होंने अपनी पत्नी के साथ एक क्राइम शो भी चलाया। 2000 तक सुहेब टीवी की दुनिया का जाना पहचाना नाम बन चुके थे, लेकिन इसी दौरान पत्नी की हत्या के मामले नाम आने के बाद वे टीवी से गायब हो गए।
 

Created On :   20 Dec 2017 3:53 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story