डकैतों ने किसान से मांगी 5 लाख रुपए की फिरौती, दो आरोपी गिरफ्तार

Dacoits demanding 5 lakh rupees extortion money from farmer in mp
डकैतों ने किसान से मांगी 5 लाख रुपए की फिरौती, दो आरोपी गिरफ्तार
डकैतों ने किसान से मांगी 5 लाख रुपए की फिरौती, दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, सतना। उत्तर प्रदेश की मानिकपुर पुलिस ने दस्यु सरगना बबुली के नाम पर एक किसान से 5 लाख की फिरौती मांगने वाले के 2 डकैतों को पुलिस ने  गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के पास से 2 देशी कट्टे और 9 जिंदा कारतूस भी बरामद कर जब्त किए गए हैं। चित्रकूट (कर्वी) के एसपी मनोज झा ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि यहां दस्यु सरगना का गिरोह सक्रीय है, जो आए दिन अपहरण, लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस द्वारा  लगातार इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

कट्टा अड़ाकर मांगी फिरौती
एसपी ने बताया कि मानिकपुर थाना क्षेत्र के सकरौंहा निवासी किसान  रामकुशल कुशवाहा पुत्र हुबलाल ने मानिकपुर थाने में इस आशय की रिपोर्ट कराई थी कि 9 अक्टूबर की रात मुंह बांधे हुए दो युवक उस वक्त उनके पास पहुंचे जब वो अपने धान के खेत की रखवाली कर रहे थे। दोनों ने कट्टे अड़ाकर स्वयं बबुली गैंग के सदस्य बताते हुए रामकुशल ने कहा कि बबुली ने 5 लाख की फिरौती मंगवाई है, अगर रकम नहीं मिली तो गोली मार दी जाएगी। किसान ने पैसों के प्रबंध के लिए 10 दिन की मोहलत मांगी। मामला एसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने मानिकपुर के थाना प्रभारी केशव दुबे के नेतृत्व में टीम बना कर धरपकड़ के निर्देश दिए। टीम में  सब इंस्पेक्टर अशोक निगम,अनिल साहू, आरक्षक रहीश खां, उत्तम सिंह और आरक्षक अरविंद मौर्य को शामिल किया गया।

हथियार सहित गिरफ्तार
पुलिस ने मुखबिरी बढ़ाई तो शनिवार को मानिकपुर थाना क्षेत्र का रानीपुर निवासी महाबलि पुत्र ननका प्रजापति और सकरौंहा निवासी एक अन्य आरोपी  छोटू प्रजापति पुत्र मंगला  पुलिस के हत्थे चढ़ गए। महाबलि के पास से 12 बोर का देश कट्टा और 7 जिंदा कारतूस तथा एक अन्य आरोपी छोटू के पास से 315 बोर का देशी कट्टा तथा 2 जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किए गए । दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पैसों की जरुरत थी। उनका बबुली गैंग से कोई संबंध नहीं है।

डकैतों की गोलियों से गंूजा अमरावती का जंगल
एमपी-यूपी के बार्डर से लगे तराई क्षेत्र में दस्यु गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार की दोपहर नयागांव थाना क्षेत्र के बरकत बाबा से लगे यूपी के मारकुंडी थाने के अमरावती के जंगल में ग्रामीणों ने कम से कम 4-5 राउंड गोलियों की आवाज सुनी। माना जा रहा है कि ये हरकत बबुली गिरोह की थी। चित्रकूट (कर्वी) के एसपी मनोज झा ने माना कि इसी शिकायत पर मारकुंडी  और मानिकपुर थाने का बल मौके पर भेजा गया था। उधर, घेराबंदी के लिए धारकुंडी, मझगवां और नयागांव से पुलिस फोर्स रवाना किया गया था। बताते हैं कि पुलिस पार्टी ने भी नदी के पास बबुली गिरोह की गतिविधियां देखीं,मगर फासला बहुत था।

दीपावली मेला की तैयारियों के लिए कलेक्टर आज चित्रकूट में
दीपावली मेला की तैयारियों के सिलसिले में कलेक्टर राहुल जैन 28 अक्टूबर को चित्रकूट में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेंगे। बैठक सुबह 11 बजे पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी। इससे पूर्व शनिवार को चित्रकूट धाम कर्वी के जिला मुख्यालय में वहां के डीएम-एसपी की मौजूदगी  में बार्डर मीटिंग बुलाई गई। बैठक में नयागांव के एसडीओपी पीएल मेहरा, थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Created On :   28 Oct 2018 12:13 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story