- Home
- /
- भास्कर परिवार ने 15वीं बार बप्पा को...
भास्कर परिवार ने 15वीं बार बप्पा को अर्पित किया 1101 किलो का महालड्डू
- 20 कारागीरों की मेहनत से तैयार हुआ महालड्डू
- टेकड़ी मंदिर में दैनिक भास्कर ने चढ़ाया महाभोग
- दूर-दूर से महालड्डू के दर्शन करने आए लोग
डिजिटल डेस्क, नागपुर। देशभर में गणेशोत्सव पर अनेक प्रकार से भगवान गणेश की सेवा की जा रही है। कहीं झांकी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तो कहीं बप्पा को तरह-तरह के भोग लगाए जा रहे हैं। ऐसा ही एक आयोजन दैनिक भास्कर परिवार ने नागपुर के प्रसिद्ध श्री गणेश टेकड़ी मंदिर में बुधवार को किया। मंदिर में भगवान गणेश को 1101 किलो के महालड्डू का भोग लगाया गया। मैनेजिंग डायरेक्टर कैलाश अग्रवाल ने दोपहर 12 बजे पूजन और महाआरती के बाद महालड्डू का भोग अर्पित किया। दैनिक भास्कर परिवार पिछले 15 सालों से श्री टेकड़ी गणेश मंदिर में 1101 किलो का महालड्डू चढ़ाता आया है।
महालड्डू बनाने के लिए 320 किलो बेसन, 320 किलो घी, 400 किलो शक्कर और 50 किलो से अधिक सूखे मेवे का उपयोग किया गया है।
शहर के लोगों के लिए ये लड्डू हमेशा आकर्षण का केंद्र रहता है, इसलिए इसके दर्शन करने बुधवार को भी दूर-दूर से श्रद्धालु आए। मंदिर में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगने लगी थी।
1101 किलो के महालड्डू का निर्माण बाम्बेवाला स्वीट के ओमप्रकाश व्यास के मार्गदर्शन में 20 कारागीरों ने किया है। पांच फीट ऊंचे और चार फीट चौड़े महालड्डू का निर्माण करने में तीन दिन का समय लगा। इसे बनाने में करीब 48 घंटे लगे। मुख्य कारीगर रामसिंह बघेल सहित 5 कारीगर और 15 सहायकों ने मिलकर महालड्डू का निर्माण किया है। इस लड्डू को पूरी तरह गोलाकार बनाने के लिए विशेष रूप से स्ट्रक्चरल डिजाइनर कर तैयार किया गया है। इस विशाल लड्डू को देखकर परिजनों के साथ आए बच्चे काफी खुश नजर आए।
दैनिक भास्कर के इस आयोजन में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले शामिल हुए। कार्यक्रम में सीपी भूषण कुमार उपाध्याय, पूर्व सांसद अजय संचेती, पार्षद प्रगति पाटील, चेतना टांक, विद्या कनेरे, आभा पांडे, निशा सावरकर, मुधोजी भोसले, अभिजीत वंजारी, शिव अग्रवाल, अशोक गोयल, पूर्ल विधायक यादवराव देवगड़े, उमाकांत अग्निहोत्री, समूह संपादक प्रकाश दुबे, संपादक मणिकांत सोनी, महाप्रबंधक सतीश रांका सहित शहर के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए।
Created On :   19 Sep 2018 8:20 AM GMT