फसल खराब होने से परेशान था किसान, पीया कीटनाशक

Damaged crop, farmer aet poison
फसल खराब होने से परेशान था किसान, पीया कीटनाशक
फसल खराब होने से परेशान था किसान, पीया कीटनाशक

दैनिक भास्कर न्यूज़ डेस्क, जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत जटवा गांव में रहने वाले एक किसान-पुत्र ने कर्ज से परेशान होकर कीटनाशक पी लिया। किसान पुत्र को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के आईसीसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन के अधिकारी और कांग्रेस नेता भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पनागर के ग्राम जटवा में रहने वाले बसंत विश्वकर्मा और उसका बेटा समीर विश्वकर्मा (20) खेती करते हैं। उनकी पौने दो एकड़ जमीन है। वह सिकमी पर जमीन लेकर भी खेती किया करते थे। कुछ सालों से उन्हें फसल में नुकसान हो रहा था। दो साल पहले समीर ने गोरखपुर की डीसीबी कंपनी से एक ट्रैक्टर फायनेंस कराया था। ट्रैक्टर की दो किश्तें जमा भी कर दीं। इस बार फसल खराब होने की वजह से किश्त नहीं चुका पाया।

ट्रैक्टर जब्त करने की दी थी धमकी
समीर के पिता बसंत विश्वकर्मा ने बताया कि दो दिन पहले फायनेंस कंपनी के बाउंसरों ने समीर को ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी थी। समीर परेशान था और उसने कीटनाशक पी लिया। समीर की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचे। बसंत विश्वकर्मा ने बताया कि उसके परिवार पर 8 लाख का कर्ज है। पंजाब एंड सिंध बैंक से 1.46 लाख, 95 हजार रुपए जेवर गिरवी रखकर, डीसीबी फायनेंस कंपनी से ट्रैक्टर का 3.5 लाख और स्थानीय सूदखोरों से लगभग 2 लाख का कर्ज लिया है। एएसपी संजीव उइके ने कहा कि जांच में पता चला कि प्रेम प्रसंग में जान देने की कोशिश की है। जांच की जा रही है।

 

Created On :   25 Jun 2017 4:01 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story