आपदा : बाढ़ से बेहाल बिहार और असम, मौत की लहरों के बीच जिंदगी मांग रही पनाह

death troll increased by flood in assam, bihar
आपदा : बाढ़ से बेहाल बिहार और असम, मौत की लहरों के बीच जिंदगी मांग रही पनाह
आपदा : बाढ़ से बेहाल बिहार और असम, मौत की लहरों के बीच जिंदगी मांग रही पनाह

डिजिटल डेस्क,पटना। बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से प्रदेश में अब तक 119 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा15 जिलों की करीब 98 लाख आबादी प्रभावित हुई है। प्रदेश में चारों तरफ तबाही का मंजर नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गोपालगंज, बगहा, बेतिया, रक्सौल तथा मोतिहारी का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ग्रस्त इलाकों का जायजा लिया। नीतीश ने पश्चिम चम्पारण जिले में जिला प्रशासन के राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति को भी देखा। उन्होंने कहा कि पश्चिम चम्पारण में फ्लैश फ्लड के चलते तबाही हुई है। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को जल्द मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेतिया नगर भवन स्थित इनडोर स्टेडियम पहुंचकर वहां बाढ़ पीड़ितों के लिये तैयार किये जा रहे फूड पैकेट कार्य का भी निरीक्षण किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, वन एवं पर्यावरण प्रधान सचिव सह प्रभारी सचिव पश्चिम चम्पारण विवेक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चन्द्रा, जिलाधिकारी बेतिया डां नीलेश देवरे, पुलिस अधीक्षक बेतिया विनय कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव अनिरुद्ध कुमार अमृत ने शुक्रवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित प्रदेश के 16 जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढी, शिवहर, गोपालगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा एवं खगडिया में से सबसे अधिक 23 लोग अररिया में, सीतामढी में 12, किशनगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण एवं सुपौल में 11-11 यानी 44, मधुबनी एवं कटिहार में 7-7,मधेपुरा एवं पूर्णिया में 5-5,दरभंगा एवं सहरसा में 4-4,खगड़िया एवं गोपालगंज में 3-3 और शिवहर 2 व्यक्ति की मौत हुई है।

राज्य सरकार के की तरफ से बाढ़ में घिरे लोगों को सुरक्षित निकाल के राहत शिविरों में पहुंचाने का काम बड़े पैमाने कर किया जा रहा है। अब तक 3.59 लाख लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है और 504 राहत शिविरों में 2.13 लाख लोग रह रहे हैं। 

पड़ोसी देश नेपाल और बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के कारण यूपी के 15 जिले भी बाढ़ की चपेट में आ गये हैं।

असम में बाढ़ का कहर

असम में बाढ़ की स्थिति हर दिन और खराब होती जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान 11 और लोगों की मौत हो गई। बाढ़ के कारण पूर्वाेत्तर राज्यों का देश के बाकी हिस्सों से रेल संपर्क टूटा गया है।

इस बीच राज्य में बाढ़ की ताजा स्थिति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराने के लिए मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल शुक्रवार को दिल्ली पहुंचेंगे हैं। सोनोवाल प्रधानमंत्री को बाढ़ से हुए नुकसान का ब्यौरा देंगे।

रिपोर्टस के मुताबिक कल से 11 और मौतों के साथ ही पिछले 6 दिनों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 39 पहुंच चुकी है। बाढ़ से राज्य के 24 जिलों की 34 लाख आबादी प्रभावित है।

वहीं, पश्चिम बंगाल आपदा मोचन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य में बाढ़ से अब तक कम से कम 123 लोगों की मौत हो चुकी है और 14 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत मिले, ये हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है।

Created On :   17 Aug 2017 2:59 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story