छपाक के बाद महाभारत में होंगी दीपिका, निभाएंगी द्रौपदी का किरदार

छपाक के बाद महाभारत में होंगी दीपिका, निभाएंगी द्रौपदी का किरदार

डिजिटल डेस्क, मुम्बई। द्रौपदी के नजरिये से बनने के लिए तैयार महाभारत में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण मुख्य किरदार निभाएंगी। इस बाबत उन्होंने निमार्ता मधु मंटेना के साथ हाथ मिलाया है और वह फिल्म का निर्माण भी करेंगी। दीपिका इससे पहले एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन से प्रेरित फिल्म छपाक का निर्माण कर चुकी हैं। उनके प्रोडक्शन की दूसरी फिल्म महाभारत होगी। इसमें संपूर्ण कहानी को बड़े पर्दे पर द्रौपदी के नजरिए से दिखाया जाएगा।

दीपिका ने कहा कि मैं द्रौपदी का किरदार अदा करने के लिए काफी रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रही हूं। मेरा सच में ऐसा मानना है कि ऐसे किरदार पूरे जीवनकाल में एक बार ही करने को मिलते हैं। उन्होंने आगे कहा कि महाभारत अपनी पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक प्रभाव के लिए लोकप्रिय है, साथ ही जीवन के कई सबक भी महाभारत से प्राप्त होते हैं, लेकिन यह सबक ज्यादातर इसके पुरुष पात्रों से मिलते हैं।

दीपिका ने कहा कि इसे नए दृष्टिकोण के साथ बताना न केवल दिलचस्प होगा, बल्कि बहुत महत्वपूर्ण भी होगा। यह कई सीरीज में बनेगी और इसका पहला पार्ट दिवाली 2021 में रिलीज होगा। मंटेना ने कहा कि हम सभी महाभारत का सुनते, देखते और पढ़ते आएं हैं। ऐसे में द्रौपदी के दृष्टिकोण से इसकी कहानी हमारी फिल्म की विशिष्टता है। यह किरदार हमारे सांस्कृतिक इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण नायिकाओं में से एक है।

--आईएएनएस

Created On :   25 Oct 2019 9:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story