दिल्ली की लड़की ने मनचले का किया बुरा हाल, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

दिल्ली की लड़की ने मनचले का किया बुरा हाल, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। "बुरा न मानों होली है.." इस एक लाइन के बहाने कितने ही मनचले रोमियों अपने घटिया मनसूबों को पूरा करते हैं। देश में महिला सशक्तिकरण की बात की जाती है, महिलाओं के इंडिपेंडेट बनने की बात की जाती है, लेकिन होली आते ही उन्हें घर में रहने की नसीहतें भी बढ़ जाती हैं। घरवाले अक्सर ये कहते है कि बाहर जाओगे तो लोग बदतमीजी करेंगे, कहीं कोई उपद्रवी कुछ गलत हरकत न कर दें। होली के रंग में भंग डालने वाले मनचले इस दौरान कुछ ज्यादा ही एक्टिव हो जाते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो लड़कियों के बुलंद और निडर हौसले की मिसाल बन रहा है। दिल्ली का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा और शेयर किया जा रहा है इस वीडियो में दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक लड़की एक मनचले को उसकी गंदी हरकत पर सबक सिखा रही है। बेशर्मी की इंतेहा देखिए कि वहां मौजूद लोगों की जमात तमाशबीन बन इस नजारे का मजा ले रही हैं तो कुछ वीडियो बनाने में मशगूल हैं।

क्या है ये वीडियो

बताया जा रहा है ये वीडियो दिल्ली के पॉश इलाकों में गिने जाने वाले करोल बाग का है, जहां एक लड़की शॉपिंग के लिए गई थी तभी वहां से गुजर रहे कुछ मनचलों ने न सिर्फ उस लड़की को अकेला पाकर उस पर भद्दे कमेंट किए बल्कि उसके साथ छेड़खानी भी की। उन्हें लगा कि शायद और लड़कियों की तरह वो भी डर जाएगी और उनकी इस बेहूदगी का कोई जवाब नहीं देगी लेकिन हुआ इसके उलट। उस लड़की ने न सिर्फ उस मनचले का विरोध किया बल्कि उसे बीच राह बिना डरे ही दबोच लिया और उसे जमकर पीटने के साथ ही उसकी इस घटिया हरकत पर उससे माफी भी मंगवाई।

दनादन बरसाए थप्पड़ 

वीडियो में वो लड़की न सिर्फ उस लड़के को दबोचे नजर आ रही हैं बल्कि उसकी इस बेशर्मी भरी हरकत पर उस पर थप्पड़ बरसा रही हैं। इसके बाद भीड़ को बढ़ता देख वो मनचला लड़की के सामने गिड़गिड़ाने लगता है। जिस लड़की पर कुछ समय पहले उसने बेहुदा कमेंट किए थे उसे दीदी-दीदी कहकर माफी मांगने लगता है।। ये सब होता देख लोगों का हुजूम तो इकट्ठा हो गया लेकिन उनमें से कोई एक भी उसकी मदद को आगे नहीं आया। बल्कि कुछ लोग तो उसे छोड़ने की ही हिमायत करते दिखे, जिस पर लड़की ने उसका विरोध किया। इस सब के साथ ही लड़की ने थाने में इसकी शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने आकर हालात पर काबू पाया और लड़की की शिकायत पर उस मनचले को थाने लाया गया।

कब रूकेंगी इस तरह की घटनाएं ?

वैसे देखा जाए तो इस तरह कि घटनाएं समाज को एक आईना दिखा रही है। देश की राजधानी दिल्ली में जब लोग इस तरह की मानसिकता रखते हैं तो पूरे देश का क्या हाल होगा। एक तरफ पढ़ा-लिखा वर्ग महिलाओं के संरक्षण की बात करता है तो वहीं दूसरी और कोई किसी की मदद को आगे नहीं आता। हाल ही में दिल्ली यूनिवर्सिटी का एक और मामला सामने आया था जिसमें कुछ लोग "बुरा न मानो होली है..." की आड़ में अपना स्पर्म भर कर आ-जा रही लड़कियों पर गुब्बारे फेंक रहे थे। जिसके बाद अब कॉलेज प्रशासन ने डीयू प्राईमिसिस में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। 

Created On :   1 March 2018 5:59 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story