दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान के फोटो को भोपाल का बताया, खूब हुए ट्रोल

Digvijya singh trolled for sharing fake picture of a bridge
दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान के फोटो को भोपाल का बताया, खूब हुए ट्रोल
दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान के फोटो को भोपाल का बताया, खूब हुए ट्रोल
हाईलाइट
  • एक बार फिर दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सरकार को घेरने के चक्कर में गलती कर बुरे फंस गए।
  • पाकिस्तान के एक जर्जर पुल को भोपाल का पुल बताने के कारण दिग्विजय को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह का ट्वीट और पुल की असल तस्वीर को शेयर किया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर फोटो विवाद में फंसते दिख रहे हैं। इस बार दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सरकार को घेरने के चक्कर में गलती कर बैठे। अपने ट्विटर हैंडल से फर्जी फोटो उपलोड कर वे विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। पाकिस्तान के एक जर्जर पुल को भारत का पुल बताने के कारण उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे वैसे कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह भी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। दोनों ही पार्टियां एक दूसरे पर आरोप लगाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं।

क्या है मामला
दरअसल आज सुबह करीब 11 बजे दिग्विजय सिंह के ट्विटर हैंडल से एक खराब हालत में पड़े निर्माणाधीन पुल की तस्वीर साझा की गयी। अपलोड की गयी फोटो में दिखाए गए पुल को उन्होंने भोपाल के सुभाष नगर रेलवे क्रासिंग पर बन रहा पुल बताया और साथ ही क्षेत्र के सम्बंधित भाजपा नेता पर सवाल उठाते हुए, वाराणसी पुल दुर्घटना जैसी घटना होने का अंदेशा जताया। मामले का खुलासा होने के बाद पता लगा कि यह तस्वीर असल में रावलपिंडी में बन रहे मेट्रो बस पिलर की है।

 

 

शिवराज सरकार का पलटवार 
दिग्विजय सिंह द्वारा उठाये गए इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने दोपहर को जवाब दिया। तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा "पता नहीं इनको ऐसा क्यों लगा कि मध्यप्रदेश में आज भी उनके जमाने जैसी धांधलियां होती होंगी! यह वह हैं जो ज़मीन पर तो छोड़िए, अपने ट्विटर हैंडल पर भी पुल ठीक से नहीं बना पाए। चौहान ने साथ ही दिग्विजय सिंह का ट्वीट और पुल की असल तस्वीर को शेयर किया है। मध्यप्रदेश भाजपा ने भी इस संबंध में एक ट्वीट जारी किया। ट्वीट में प्रदेश भाजपा ने कहा "मध्य प्रदेश की जनता ने नकारा, तो दिग्गी राजा ने एक बार फिर लिया पाक का सहारा"। हालांकि मामले के खुलासे के बाद भी दिग्विजय सिंह की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी है। 

 

 

 




इस तस्वीर का वायरल होना कोई नयी बात नहीं है। इससे पहले भी यह फोटो 2016 में दिल्ली मेट्रो पुल की हालत बताकर वायरल की गयी थी। संदेह को खत्म करते हुए कई वेबसाइटों ने इसका प्रमाण दिया था, तब पता लगा था कि यह फोटो असल में पाकिस्तान के रावलपिंडी की है। पाकिस्तान के जाने-माने पत्रकार आदिल रजा ने भी ट्विटर पर शेयर करते हुए इसे रावलपिंडी का बताया था। बता दें कि इसी साल नवम्बर में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Created On :   10 Jun 2018 2:37 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story