मुंबई से नांदेड़ के लिए डोमेस्टिक फ्लाइट 16 नवंबर से होगी शुरू

domestic flight start from mumbai to nanded, actors took enjoy
मुंबई से नांदेड़ के लिए डोमेस्टिक फ्लाइट 16 नवंबर से होगी शुरू
मुंबई से नांदेड़ के लिए डोमेस्टिक फ्लाइट 16 नवंबर से होगी शुरू

डिजिटल डेस्क, नांदेड़। मुंबई और नांदेड़ के बीच 16 नवंबर से टूर जेट डोमेस्टिक फ्लाइट शुरु हो रही है। जिससे देश विदेश के सिखों को हजूर साहिब के दर्शन आसानी से होंगे। पर्यटन के लिहाज से भी ये बड़ी पहल है। हवाई सेवा से सिखों के पांच तख्तों में एक हजूर साहिब के दर्शन और सुगम होंगे। इस सेवा के पहले दिन बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियां तख्त सचखंड श्री हजूर साहब में गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष नतमस्तक होंगी। 

तख्त साहिब के दर्शन करेंगे फिल्मी सितारे

इस एतिहासिक हवाई सफर में शामिल होने वालों में फिल्म स्टार जितेन्द्र, शोभा कपूर, निर्माता निर्देश राकेश रोशन, प्रमिला रोशन, कॉमेडियन शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर, आदित्य पांचोली, जरीना वहाब, उद्योगपति जयेश शाह, सुप्रसिद्ध धावक मिल्खा सिंह, एक्टर अरमान कोहली, मोहन पास्वामी, अर्जुन पंडित, रमेश अरोरा, मुकेश ऋषि, राघव ऋषि सहित कई फिल्मी सितारे गुरु की नगरी पहुंचेंगे। आपको बता दें तख्त साहब में तीन सौ साल पहले सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने गुरु ग्रंथ साहिब को गद्दी सैंपी थी। इसके बाद उन्होंने एलान किया था कि अब शारीरिक रूप से कोई भी सिखों का गुरु नहीं होगा। केवल गुरु ग्रंथ साहिब यानी शबद गुरु ही आस्था के मुख्य केंद्र होंगे।


आकर्षण का खास केंद्र होगा लेजऱ शो

फिल्मी सितारों के साथ गुरुद्वारा बोर्ड के अध्यक्ष और मुलुंड से भाजपा विधायक सरदार तारा सिंह, गुरुद्वारा बोर्ड के सदस्य गुरिंदर सिंह बावा भी नांदेड़ के गुरु गोबिंद सिंह जी हवाई अड्डे पहुंचेगे। जहां से शाम 4 बजे गुरुद्वारा तख्त सचखंड श्री हज़ूर साहिब के दर्शन करेंगे। इसके बाद गोबिंद बाग साहिब गुरुद्वारा के बगीचे में खास लेजऱ शो रखा गया है। जहां बॉलिवुड के सितारे शिरकत करेंगे। इसके दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को सुबह 11 बजे की फ्लाइट से सभी मुंबई लौट जाएंगे। 

शिमला में हुआ था नांदेड़ - मुंबई हवाई सेवा का उद्घाटन

आपको बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिमला में नांदेड़ - मुंबई हवाई सेवा का उद्घाटन किया था। लेकिन किसी कारण से उस वक्त सेवा शुरू नहीं हो सकी थी। फिल्हाल नई विमान सेवा शुरू होने से दुनियाभर से सिखों को फायदा होगा। खासकर विदेशी पर्यटक मुंबई से सीधे उड़ान भर सकेंगे। इससे उनका वक्त भी बचेगा। विदेशी सिख भारत आते ही पांच तख्तों के दर्शन जरूर करते हैं। उन्हें पांचों तख्तों के लिए उड़ान सेवा का बेसब्री से इंतजार था। 

मुंबई से नांदेड़ का किराया ढाई हजार रुपए

इससे पहले गुरु गोबिंद सिंह जी हवाई अड्डे पर रेनोवेशन का कार्य मुकम्मल हो चुका है। मुंबई से यह फ्लाइट रोजाना उड़ान भरेगी। एक घंटा 25 मिनिट में सफर तय हो जाएगा। फ्लाइट के शुरू होने से नांदेड़ सहित परभणी, लातूर, हिंगोली, निज़ामाबाद, यवतमाल जिलों के लिए भी बहुत बड़ी राहत होगी। राजनीति, उद्योग और पर्यटकों के साथ मरीजों को उपचार के लिए मुंबई जाना सुविधाजनक होगा। पिछले कुछ सालों से नांदेड़ हवाई अड्डे से हवाई सेवा बंद थी। इससे पहले एयरवेज, स्पाइस जेट अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। नांदेड़ और मुंबई के बीच किराया महज 2,450 रूपए रखा गया है। जो रेलवे के सेकेंड क्लास एसी करिए के बराबर है।

Created On :   13 Nov 2017 6:10 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story