APEC समिट में डोनाल्ड ट्रंप ने की नरेंद्र मोदी की तारीफ, चीन को चिढ़ाया

Donald trump praises PM narendra modi at APEC summit in vietnam
APEC समिट में डोनाल्ड ट्रंप ने की नरेंद्र मोदी की तारीफ, चीन को चिढ़ाया
APEC समिट में डोनाल्ड ट्रंप ने की नरेंद्र मोदी की तारीफ, चीन को चिढ़ाया

डिजिटल डेस्क, हो ची मिन्ह सिटी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वियतनाम में चल रहे एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (APEC) समिट में भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। APEC में ट्रंप ने मोदी की नीतियों और भारत की ग्रोथ रेट की भी तारीफ की है। ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और भारत के प्रधानमंत्री ने अपने नागरिकों को एकजुट करने में सफलता हासिल की है। वहीं व्यापारिक चर्चा करते हुए चीन को भी चिढ़ाया है।

 

समिट में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार को जल्दी सुबह वियतनाम पहुंचे। यहां चीन को घुड़की देते हुए ट्रंप ने कहा कि व्यापार में पक्षपात के प्रति अमेरिका अपनी आंखें बंद नहीं रखेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन की व्यापार नीतियों की वजह से अमेरिकियों को काम नहीं मिल रहा है। APEC की बैठक में चीफ एक्जीक्यूटिव्स को संबोधित करते हुए ट्रंप ने चीन को चिढ़ाते हुए मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अमेरिका चीन की इस पक्षपात पूर्ण नीति को ज्यादा दिनों तक सहन नहीं करेगा।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अपनी 70वीं सालगिरह मना रहा है, जो 100 करोड़ से ज्यादा लोगों का एक संप्रभु राष्ट्र है। भारत अपने लोकतंत्र के लिए जाना जाता है और विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। एक अरब से ज्यादा लोगों के इस भारत देश ने अपनी अर्थ व्यवस्था को दुनिया के लिए खोलने के बाद बहुत कामयाबी हासिल की है। इससे देश के मध्यवर्ग के लिए अवसरों का द्वार खुल गया है। पीएम मोदी देश के सभी लोगों को एक करने के लिए सफलतापूर्वक पूरी कोशिश कर रहे हैं।

 

गौरतलब है कि अगस्त महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की वाशिंगटन में मुलाकात हुई थी। मोदी का अमेरिका दौरा काफी सफल रहा था, और यह पहली बार है जब एपेक के मंच पर ट्रंप ने मोदी की खुलकर तारीफ की है। APEC की बैठक में जापान, रूस और दक्षिण कोरिया के नेता भी हिस्सा ले रहे हैं।

Created On :   10 Nov 2017 3:14 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story