योगी दरबार में डॉ. कफील की मां की गुहार, बेटे को बताया निर्दोष

योगी दरबार में डॉ. कफील की मां की गुहार, बेटे को बताया निर्दोष
योगी दरबार में डॉ. कफील की मां की गुहार, बेटे को बताया निर्दोष

डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर मंदिर में रविवार को "जनता दरबार" लगाया।  दरबार में सीएम ने 400 से ज्यादा फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इन मिलने वालों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ऑक्‍सीजन कांड के आरोपी  डॉ. कफील की मां भी शामिल थीं। कफील की मां ने उनके बेटे को बेगुनाह बताया। डॉ. की मां ने कहा कि उनके बेटे को फंसाया गया है। सीएम योगी से उन्होंने इंसाफ की गुहार लगाई।

 

बता दें कि इसी साल अगस्त में गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इनमें डॉक्टर कफील भी शामिल थे। कफील पर निजी प्रैक्टिस का भी आरोप लगा था। इसके साथ ही घटना का एक पहलू और भी है। जब डॉक्टर कफील खान पर आरोप लगाए गए तो सोशल मीडिया, राजनीतिक पार्टियों और मीडिया के एक बड़े तबके ने उन्हें दोषी की तरह पेश किया, उनके धर्म, उनकी राजनीतिक विचारधारा और रहन-सहन के बहाने उन्हें घेरा गया।


इससे पहले सीएम योगी ने सुबह सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। करीब आधा घंटा उन्होंने गौशाला में गुजारा और फिर दो घंटों तक फरियादियों की समस्या सुनी। गौरतलब है कि सीएम योगी दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर में है। 

 

योगी शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे हैं। योगी के साथ केन्द्रीय मानव संसाधन जल संसाधन राज्यमंत्री डॉक्टर सत्यपाल सिंह और उनकी पत्नी भी आई हैं। यहां पर महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थान सप्ताह समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अध्यक्षता करेंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ सत्यपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।

 

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुर्सी संभालने के बाद से ही जनता दरबार लगाते हैं और जनता की समस्याएं सुनते हैं। इसी क्रम में वो जब अपने क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे तो रविवार सुबह वहां भी योगी ने फरियादियों के लिए जनता दरबार लगाया।

 

Created On :   10 Dec 2017 10:00 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story