नागपुर में छा गए बदरा, हवा में घुली ठंडक, बसरेंगे मेघा

Due to cloudy weather cool wind covers surround the area
नागपुर में छा गए बदरा, हवा में घुली ठंडक, बसरेंगे मेघा
नागपुर में छा गए बदरा, हवा में घुली ठंडक, बसरेंगे मेघा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बुधवार को बादलों के छाए रहने से उपराजधानी की फिजां में ठंडक महसूस हुई। नमी ने हवा में ठंडक घोल दी। मंगलवार को भी पूरा दिन का मौसम खुशगवार बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र फिलहाल मध्य प्रदेश पर स्थित है, जो धीरे-धीरे उत्तर पश्चिम उत्तर की ओर बढ़ रहा है। चक्र के खिसकने के साथ-साथ विदर्भ पर छाए बादल भी छंटेगे और लगभग 20 दिनों से मेघों के साए में ढंका विदर्भ बाहर निकलेगा। हालांकि 29 जुलाई तक उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने की संभावना है।

उम्मीद है कि यह भी पिछले कम दबाव के क्षेत्र के पथ पर ही आगे बढ़ेगा। इससे 29 जुलाई के बाद एक बार फिर विदर्भ बादलों की चपेट में आ सकता है। हालांकि मानसूनी द्रोणिका के पूर्वी छोर पर कुछ ऊपर की ओर उठने की संभावना है। इससे उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले 5 दिन तक भर पूर वर्षा की उम्मीद की जा रही है। 

अनुमान के अनुसार, सप्ताहांत तक उपराजधानी में वर्षा के आसार कम ही हैं। इसके बाद फिर एक बार झमाझम बारिश का लुत्फ संतरानगरी को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य पर 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता मंगलवार को भी उच्च स्तर पर रही। अधिकतम आर्द्रता 93 व न्यूनतम 85 प्रतिशत दर्ज की गई। 
 

Created On :   25 July 2018 11:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story