हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस में कांटे की टक्कर, एक्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत

Exit poll predicts hung assembly in Haryana
हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस में कांटे की टक्कर, एक्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत
हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस में कांटे की टक्कर, एक्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजतक और एक्सिस माई इंडिया की ओर से मंगलवार को जारी एग्जिट पोल हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के लिए बुरा संकेत दे रहे हैं। अगर एग्जिट पोल सच साबित हुआ तो हरियाणा में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति होगी। ऐसे में इनेलो टूटकर बनी दुष्यंत चौटाला की जनता जननायक पार्टी(जेजेपी) किंगमेकर बन सकती है। चुनाव परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित होंगे।

आजतक-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल ने भाजपा को कुल 90 में से 32-44 सीटें दी हैं, वहीं कांग्रेस को 30 से 42 सीटें मिलने का अनुमान है। यह एग्जिट पोल बताता है कि हरियाणा में दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच कांटे की टक्कर है। भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में भी मामूली फर्क है। भाजपा को 33 प्रतिशत तो कांग्रेस को 32 प्रतिशत वोट मिलता दिख रहा है।

खास बात है कि ओम प्रकाश चौटाला की इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) टूटकर दुष्यंत चौटाला की अगुवाई में बनी जनता जननायक पार्टी(जेजेपी) को छह से 10 सीटें मिल रही हैं। इस प्रकार अगर सचमुच त्रिशंकु विधानसभा बनी, तो दुष्यंत चौटाला की जेजेपी सरकार बनाने में किंगमेकर की भूमिका में आ सकती है। एग्जिट पोल में बताया गया है कि 31 प्रतिशत जाट वोटों पर जेजेपी ने कब्जा किया है। हिसार, रोहतक और करनाल में जेजेपी की मजबूत पकड़ सामने आई है। एग्जिट पोल में अन्य के खाते में छह से 10 सीटें गईं हैं।

गौरतलब है कि 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सर्वाधिक 47 सीटें मिलीं थीं, वहीं कांग्रेस को 15 सीटों से संतोष करना पड़ा था, जबकि इनेलो को 19, हरियाणा जनहित कांग्रेस को दो, निर्दलीय एवं अन्य को सात सीटें मिलीं थीं। राज्य में तब मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा ने बहुमत से सरकार बनाई थी। इससे पहले सोमवार को जारी किए गए ज्यादातर एग्जिट पोल्स में बीजेपी को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा था।

एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी को 72, कांग्रेस को 8 जबकि अन्य को 10 सीटें दी गई है। टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में बीजेपी को 71, कांग्रेस को 11 और अन्य को 8 सीटें दी गई है। टीवी 9 भारतवर्ष के एग्जिट पोल में बीजेपी को 47, कांग्रेस को 23 और अन्य को 20 सीटें दी गई है। न्यूज 18- आईपीएसओएस के एग्जिट पोल में बीजेपी को 75, कांग्रेस को 10 और अन्य को 5 सीटें दी गई है।

Created On :   22 Oct 2019 5:03 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story