मानसून सत्र के पहले होगा महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार

Expansion of Maharashtra Cabinet will be before the Monsoon session
मानसून सत्र के पहले होगा महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार
मानसून सत्र के पहले होगा महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। विविध महामंडलों के अध्यक्ष भी नियुक्त होंगे। चुनाव तैयारी की छाया मंत्रिमंडल विस्तार में देखने को मिल सकती है। सत्ता समायोजन की रणनीति के तहत विविध सहयोगियों को भी इस बार BJP महत्व देगी। विशेषकर शिवसेना की उम्मीदों का ध्यान रखा जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं की पुष्टि वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने की है। उन्होंने कहा है कि 4 जुलाई तक राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।

गौरतलब है कि 4 जुलाई से नागपुर में राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र होनेवाला है। इससे पहले 2016 में जुलाई में ही राज्य मंत्रिमंडल का दूसरा  विस्तार किया गया था। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अक्सर चर्चाएं चलती रहती है। 288 विधानसभा सदस्यों में से 122 सदस्य BJP के चुने गए थे। 63 सदस्य संख्या के साथ शिवसेना दूसरे स्थान पर रही। आरंभ में शिवसेना मुख्य विपक्ष की भूमिका में थी, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार के पहले चरण में ही वह सत्ता में शामिल हो गई। लेकिन मंत्री पद व कार्य को लेकर शिवसेना का BJP के साथ तल्ख व्यवहार बना हुआ है।

शिवसेना ने अगला चुनाव अकेले बल पर लड़ने का निर्णय लिया है। किसान, परियाेजना व विकास मामले को लेकर कई बार शिवसेना BJP के विरोध में आ जाती है। हाल ही में लोकसभा के उपचुनाव में शिवसेना ने BJP के विरोध में ताकत दिखायी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना को संतुष्ट करने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। हाल ही में BJP के अध्यक्ष अमित शाह ने मुंबई में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी। उसके बाद से कहा जा रहा है कि शिवसेना BJP के साथ ही रहेगी।

सहयोगी दलों को भी है बड़ी उम्मीदें
उधर 2014 के चुनाव में BJP के सहयोगी रहे कुछ दलाें की उम्मीद अभी भी पूरी नहीं हो पायी है। राष्ट्रीय समाज पक्ष के नेता महादेव जानकर को काफी प्रतिक्षा के बाद मंत्री बनने का मौका मिला था। NCP के करीबी रहे शिव संग्राम के विनायक मेटे ने अभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी है। किसान संगठनों व आंबेडकरवादी संगठनाें का झुकाव कांग्रेस की ओर बढ़ता जा रहा है। राज्य में सामाजिक न्याय का मुद्दा प्रभावी रहा है। आंदोलन के माध्यम से सरकार को चुनौतियां भी मिली है। ऐसे में माना जा रहा है कि BJP सभी की उम्मीदों को पूरा करने का प्रयास करेगी। हाल ही में कृषिमंत्री पांडूरंग फुंडकर का निधन हुआ। कृषि विभाग की जिम्मेदारी सहकार मंत्री चंद्रकांत पाटील संभाल रहे हैं।

इस विस्तार में कृषि विभाग को भी नया नेतृत्व मिलेगा। इसके अलावा कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारी में मामूली फेरबदल किया जा सकता है। एक से अधिक विभाग की जिम्मेेदारी संभाल रहे मंत्रियों के कामकाज का भी ध्यान रखा जाएगा। कांग्रेस NCP की सरकार के समय विकास महामंडलों के अध्यक्ष नियुक्त नहीं हाे पाए थे। महामंडल अध्यक्ष को राज्यमंत्री का दर्जा रहता है। महामंडल अध्यक्ष नियुक्ति के मामले में BJP भी काफी सोच विचार करती रही है। हाल ही में विदर्भ विकास वैधानिक मंडल समेत कुछ महामंडलों के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अन्य महत्वपूर्ण महामंडलों के अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए जाएगे।

शिवसेना से गठबंधन का प्रयास जारी - मुनगंटीवार
वित्त व वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा है कि शिवसेना के साथ BJP के गठबंधन का प्रयास जारी है। शनिवार को यहां आए मुनगंटीवार ने चर्चा में कहा कि शिवसेना व BJP की मित्रता काफी पुरानी है। कर्नाटक में कांग्रेस कुमारस्वामी से गठबंधन कर सकती है तो महाराष्ट्र में BJP पुराने मित्र से गठबंधन क्यों नहीं करेगी। मुनगंटीवार ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार का अधिकार पूरी तरह से मुख्यमंत्री हो रहता है। फिलहाल मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर है। लेकिन यह तय है कि 4 जुलाई से पहले मंत्रिमंडल विस्तार होगा। कांग्रेस NCP की राजनीति पर उन्होंने कहा कि दोनों दल सत्ता के लिए साथ आते हैं।

Created On :   16 Jun 2018 2:19 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story