नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने वाला फेसबुक फ्रेंड 8 माह बाद पकड़ाया

Facebook friend arrested for trapping a minor in love after 8 months
नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने वाला फेसबुक फ्रेंड 8 माह बाद पकड़ाया
नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने वाला फेसबुक फ्रेंड 8 माह बाद पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक किशोरी से फेसबुक पर दोस्ती कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने वाले ऑटो चालक शिवराज सदाशिव अथनीकर, टाकली रोड, सावंत प्लाट, मिरज शहर, जिला सांगली निवासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आठ माह से फरार था। आरोपी ने वाड़ी क्षेत्र की एक किशोरी से फेसबुक पर दोस्ती की। उसे सांगली मिलने बुलाया। किशोरी इस फ्रेंड से मिलने सांगली चली गई। इधर किशोरी के घर से गायब होने पर उसके परिजनों ने वाड़ी थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। उधर सांगली जाने के बाद आरोपी शिवराज ने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना 8 माह पहले की है। दुष्कर्म किए जाने के बारे में  किशोरी सांगली से घर वापस आने के बाद परिजनों को बताई। परिजनों ने उसे वाड़ी थाने ले जाकर आरोपी शिवराज के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कराया। प्रकरण दर्ज होने के बाद किशोरी दोबारा भागकर शिवराज के पास चली गई। इस बीच वाड़ी पुलिस ने कई जगह पर दबिश दी। अंत में आरोपी शिवराज पुलिस के हाथ फ्रेंडशिप-डे के दिन लग गया।   अदालत में आरोपी ऑटो चालक शिवराज को पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। 

राजनीतिक दबाव बढ़ने पर सांगली गई पुलिस
आरोपी शिवराज को पकड़ने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इस मामले में कुछ राजनीतिक व्यक्तियों का दबाव बढ़ने पर वाड़ी थाने पीएसआई प्रशांत देशमुख व अविनाश जायभाये दो बार आरोपी शिवराज की तलाश में सांगली मिरज गए थे, लेकिन आरोपी के कर्नाटक में जाकर छिपे होने की बात पुलिस को पता चली। इधर  12 जुलाई 2019 को किशोरी घर पर वापस आ गई। यह सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने किशोरी से घटना के बारे में सारी जानकारी हासिल की। किशोरी दोबारा 20 जुलाई को आरोपी शिवराज के पास चली गई।

घटनाक्रम
वाड़ी क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी को आठ माह पहले फेसबुक फ्रेंड शिवराज ने धीरे-धीरे अपने प्रेमजाल में फांस लिया। उसके बाद उसने किशोरी से फेसबुक और मैसेंजर पर दिसंबर-2018 से चैटिंग शुरू कर दी। कुछ दिन तक दोनों के बीच यह सिलसिला चलता रहा।  एक दिन शिवराज ने किशोरी को सांगली स्थित मिरज में मिलने के लिए बुलाया। किशोरी उससे मिलने के लिए मिरज तक चली गई। अचानक किशोरी के गायब होने पर परिजनों ने 13 दिसंबर-2018 को वाड़ी थाने में शिकायत की। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार किशोरी की उम्र 17 वर्ष की होने के कारण पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। 

आरोपी ने बेच डाला ऑटो
आरोपी के बारे में पीड़िता ने बताया कि, आरोपी ने सांगली, सातारा, संगोला, मिरज  आदि क्षेत्र में उसे ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी ने खर्च के लिए अपना ऑटो भी बेच दिया। बेचे गए ऑटो के पैसे खत्म होने पर आरोपी शिवराज उसके साथ अपने मिरज वाले मकान में ही रहने लगा। आरोपी को गिरफ्तार करने में वाड़ी थाने की एपीआई रेखा संघपाल, सिपाही कमलेश जावलेकर, कविता जाधव ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इसी टीम ने मिरज से आरोपी को पकड़ा। वहां पर किशोरी भी मिली। वाड़ी के वरिष्ठ थानेदार राजेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में एपीआई रेखा संघपाल मामले की जांच कर रही है।

फेसबुक दोस्त से  रहें सावधान 
फेसबुक पर दोस्ती करते समय किशोरियों  व युवतियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि, दोस्त बनाते समय उसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करे, उसके बाद उससे दोस्ती करें। कोशिश करें कि, फेसबुक पर अनजान व्यक्ति से दोस्ती न करें। डा. भूषणकुमार उपाध्याय, पुलिस आयुक्त 

Created On :   7 Aug 2019 8:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story