पिता ने किया अपनी ही बेटी के साथ दुराचार, मासूम 6 किमी पैदल चलकर पहुंची थाने

Father raped his 10 year old daughter, police arrested accused
पिता ने किया अपनी ही बेटी के साथ दुराचार, मासूम 6 किमी पैदल चलकर पहुंची थाने
पिता ने किया अपनी ही बेटी के साथ दुराचार, मासूम 6 किमी पैदल चलकर पहुंची थाने

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। ईशानगर क्षेत्र के गहरवार गांव में कलियुगी पिता ने अपनी ही दस साल की बच्ची को हवस का शिकार बना लिया। बच्ची की मां की मौत होने के बाद कलयुगी पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। घटना की शिकार नन्ही सी जान अपने गांव से 6 किमी दूर स्थित थाने पैदल चलकर पहुंची। अपने साथ पिता ने की दरिंदगी के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुखद पहलू यह भी रहा कि घटना के बाद सौतेली मां ने भी बेटी का साथ नहीं दिया। वह बेटी के साथ थाने नहीं गई।

सोतेली माँ ने नहीं दिया साथ

आरोपी ने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी कर ली। इस कलियुगी पिता ने अमानवीयता की सभी हदें पार करते हुए अपनी ही बेटी पर बुरी रखना शुरू कर दी। गुरुवार को जब बेटी घर में थी तो इस पिता ने उससे फर्जी दुलार करते हुए कहा कि चाचा के घर में तेल से भरा हुआ टीन रखा है। वह उसे अकेले नहीं उठा सकता है। इस पर उसकी मदद करने के लिए वह उसके साथ चले। आरोपी पिता ने इस मासूम को वहां ले जाकर दुष्कृत्य कर दिया। पिता उस पर बुरी निगाह रखता था लेकिन बेटी को इसका कतई आभास नहीं था। बेचारी मासूम आखिरकार अपनी आपबीती किसे सुनाती। सौतेली मां का व्यवहार पहले से ही अमानवीय था। आखिरकार उसने  अपनी लड़ाई खुद लड़ने का फैसला किया। उसने थाने जाकर रोते हुए आपबीती सुनाई।

रखता था बुरी निगाह, लेकिन बेटी नहीं समझती थी 

पिता द्वारा किए गए गलत काम के बाद यह मासूम गहरवार गांव से भीषण गर्मी में दोपहर 12 बजे ईशानगर के लिए पैदल रवाना हुई। करीब 2 घंटे तक गर्मी में पैदल चलने के बाद वह ईशानगर थाने पहुंची। यहां उसने जो आपबीती सुनाई तो थाना प्रभारी सहित थाने में पदस्थ स्टाफ दंग रह गया। एएसआई लक्ष्मी तिवारी ने बताया कि इस मासूम को पहले भरोसा दिलाया गया कि पुलिस आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने का भरसक प्रयास करेगी। इसके बाद मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस मासूम के कथन के आधार पर आरोपी के खिलाफ ईशानगर थाने में अपराध क्रमांक 114/19, आईपीसी की धारा 376, 342, 506 और 5/6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गहरवार रवाना कर आरोपी पिता को देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
 

Created On :   14 Jun 2019 7:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story