FIFA World Cup 2018 : रोनाल्डो के गोल से बाहर हुआ मोरक्को

FIFA World Cup 2018 : Portugal beat Morocco by 1-0 in group B
FIFA World Cup 2018 : रोनाल्डो के गोल से बाहर हुआ मोरक्को
FIFA World Cup 2018 : रोनाल्डो के गोल से बाहर हुआ मोरक्को

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। लुज़निकी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी के एक महत्वपूर्ण मैच में पुर्तगाल ने मोरक्को को 1-0 से हरा दिया है। पुर्तगाल की इस जीत के हीरो एक बार फिर स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे, जिन्होंने चौथे मिनट में ही शानदार गोल कर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। इस गोल के साथ ही रोनाल्डो के इस वर्ल्डकप में 4 गोल हो गए हैं। वे गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इस जीत के साथ पुर्तगाल गुप-B में  टॉप पर आ गया है और राउंड ऑफ 16 के लिए उसका क्वालिफाई होना पक्का माना जा रहा है। वहीं मोरक्को की टीम वर्ल्डकप से बाहर हो गई है।

पहले हॉफ की शुरुआत में ही पुर्तगाल ने मोरक्को पर दबाव बना दिया। मैच के चौथे मिनट में पुर्तगाल को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर स्टार स्ट्राइकर रोनाल्डो ने हेडर से शानदार गोल किया। सिल्वा द्वारा लिए गए इस पेनल्टी कॉर्नर पर रोनाल्डो ने सभी को छकाते हुए यह गोल किया। इस गोल के साथ रोनाल्डो ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वे एक वर्ल्डकप में कम से कम चार गोल करने वाले दूसरे पुर्तगाली खिलाड़ी बन गए हैं। एक वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले पुर्तगाली खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड युसेबियो के नाम है। युसेबियो ने 1966 के इंग्लैंड में 9 गोल दागे थे।

अपनी टीम के खिलाफ हुए शुरुआती गोल के बावजूद लुज़नीकी स्टेडियम के अंदर एटलस लायंस (मोरक्को) के समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। वे लगातार अपनी टीम को चीयर कर रहे थे। मोरक्को ने एक गोल से पिछड़ने के बाद अटैकिंग गेम खेलना शुरू किया। फर्स्ट हॉफ में पुर्तगाली खिलाड़ी मोरक्को के अटैक के आगे दबाव में दिखे। पहले हॉफ में मोरक्को के पास 51% बॉल पज़ेशन रहा, वहीं पुर्तगाल के पास 49% बॉल पज़ेशन रहा।


मैच के दूसरे हॉफ में शुरुआत से ही मोरक्को की टीम ने शानदार मूव्स बनाए, लेकिन पुर्तगाली गोलकीपर ने शानदार बचाव किए। मैच के 62वें मिनट में मोरक्को के बेलहदा ने बेहतरीन ड्रिबलिंग के सहारे एक जोरदार शॉट लगाया, जिसे पुर्तगाली गोलकीपर पेट्रीसियो ने दाईं ओर डाइव लगाते हुए बचा लिया। दूसरे हॉफ में मोरक्को की टीम का खेल पर शानदार नियंत्रण पुर्तगाली डिफेंडर्स और रुई पेट्रीसियो के लिए चिंता का विषय बना। सेकेंड हॉफ में मोरक्को ने एक के बाद एक कई गोल अटेम्पट किए, लेकिन गोल करने में टीम को सफलता हासिल नहीं हो सकी।

मैच में पुर्तगाल ने कुल 10 अटेम्प्ट्स किए जिसमें दो ऑन टारगेट थे। वहीं मोरक्को ने 16 अटेम्प्ट्स किए, जिसमें चार ऑन टारगेट थे। पुर्तगाल ने 19 फ़ाउल किए वहीं मोरक्को  ने 23 फ़ाउल किए। मैच में मोरक्को के पास 53% बॉल पज़ेशन रहा वहीं पुर्तगाल के पास 47% बॉल पज़ेशन रहा।

Created On :   20 Jun 2018 3:22 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story