FIFA World Cup Qualifiers : आज बांग्लादेश के खिलाफ टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज करना चाहेगा भारत

FIFA World Cup Qualifiers 2019: India would like to register their first win of the tournament against Bangladesh
FIFA World Cup Qualifiers : आज बांग्लादेश के खिलाफ टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज करना चाहेगा भारत
FIFA World Cup Qualifiers : आज बांग्लादेश के खिलाफ टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज करना चाहेगा भारत

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। एशियाई चैंपियन कतर के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलने के बाद भारतीय फुटबाल टीम फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफायर के अपने अगले मैच में आज बांग्लादेश से भिड़ेगी। अभी तक भारत को वर्ल्ड कप क्वालीफायर में एक भी जीत नहीं मिली है। ओमान के खिलाफ उसे 1-2 से हार मिली थी। जबकि एशियाई चैंपियन कतर के खिलाफ उसने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मैच ड्रॉ करा लिया था।

उस मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी और कप्तान सुनील छेत्री नहीं खेले थे। गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संघू ने उस मैच में भारत की बागड़ोर संभाली थी और टीम ने उनके नेतृत्व में बेहतरीन डिफेंसिव खेल के दम पर एशियाई चैम्पियन के अरमानों पर पानी फेर दिया था। खुद गुरप्रीत ने आगे रहते हुए शानदार बचाव किए थे।

दो मैचों में एक में हार और एक मैच ड्रॉ रहने के बाद भारत अंकतालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है। युवा भारतीय क्रिडांगना स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारत अपना खाता खोल अंकतालिका में ऊपर आना चाहेगी।

इस मैच से पहले भारत को हालांकि एक नुकसान उठाना पड़ा है। संदेश झिंगन के रूप में उसका एक दमदार डिफेंडर चोट के कारण बाहर हो चुका है। उनके स्थान पर कोच इगोर स्टीमाक ने राहुल भीके को टीम में चुना है।

झिंगन को नौ अक्टूबर को नार्थईस्ट युनाइटेड के खिलाफ खेले गए दोस्ताना मैच में चोट लगी थी। वह सर्जरी से गुजरेंगे और तकरीबन छह महीने के लिए बाहर होंगे। झिंगन के स्थान पर टीम में लाए गए राइट बैक राहुल का भी मैदान पर उतरना संभव नजर नहीं आ रहा है क्योंकि वह ग्रोइन की समस्या से जूझ रहे हैं।

मिडफील्डर अमरजीत कियाम और प्रणॉय हल्धर भी चोटिल हैं जबकि रोवलिन बोर्जेस प्रतिबंध के कारण मैच से बाहर रहेंगे। ऐसे में सेंट्रल डिफेंस में आदिल खान टीम की मुख्य कड़ी होंगे। नरेंदर गहलोत और अनस इडाथोडिका मैच में झिंगन का स्थान ले सकते हैं।

बांग्लादेश मौजूदा फीफा रैंकिंग में 187वें स्थान पर है। वहीं भारत को 104वां स्थान हासिल है। अंकतालिका में बांगलादेश भारत से नीचे है। अफगानिस्तान और कतर से हार झेलने के बाद वह अंकतालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।

पड़ोसी देश के पास अनुभवी कप्तान जमला भुयान और मिडफील्डर मामुनुल इस्लाम के अलावा अंडर-23 टीम के कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। बांग्लादेश ने 1986 के बाद से आठ बार वर्ल्ड कप क्वालीफायर में हिस्सा लिया है लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ परिणाम 1985 में आया था जब उन्होंने थाईलैंड और इंडोनेशिया को ढाका में मात दी थी।

बांग्लादेश हालांकि भारत को मात नहीं दे सका है। उसे क्वालीफायर में दो बार भारत के हाथों हार झेलनी पड़ी है। भारत और बांग्लादेश ने आखिरी बार वर्ल्ड कप क्वालीफायर में एक दूसरे के सामना 1985 में किया था और इस मैच में उसे जीत मिली थी।

भारतीय टीम :

गोलकीपर : गुरप्रीत सिंह संधू, अमरिंदर सिंह, कमलजीत सिंह।

डिफेंडर : प्रीतम कोटाल, राहुल भेखे, आदिल खान, नरेंदर, सार्थक गोलुई, अनस इदाथोदिका, मंडार राव देसाई, सुभाशीष बोस

मिडफील्डर : उदांता सिंह, निखिल पुजारी, विनीत राय, अनिरुद्ध थापा, अब्दुल सहल, रेनियर फर्नाडिस, ब्रेंडन फर्नाडिस, लालियानजुआला चांग्ते, आशिक कुरुनियन

फारवर्ड : सुनील छेत्री, बलवंत सिंह और मानवीर सिंह।

Created On :   15 Oct 2019 5:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story