कड़ी सुरक्षा के बीच नागपुर में रिलीज हुई पद्मावत, हाउसफुल रहा पहला शो

Film padmaavat released in nagpur first show housefull
कड़ी सुरक्षा के बीच नागपुर में रिलीज हुई पद्मावत, हाउसफुल रहा पहला शो
कड़ी सुरक्षा के बीच नागपुर में रिलीज हुई पद्मावत, हाउसफुल रहा पहला शो

डिजिटल डेस्क, नागपुर। संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावत आखिरकार हंगामे और तोड़फोड़ के बीच गुरूवार को रिलीज हो ही गई। यह फिल्म पदमावत बुधवार को बड़े थिएटर पर और छोटे थिएटरों में गुरुवार को रिलीज हुई है। इस बीच थिएटर के बाहर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त रहा। स्मृति टाकीज में रिलीज के पहले पुलिस ने गहन छानबीन भी की। आने वाले दर्शकों को भी पूरी तरह जांच करने के बाद ही सिनेमा हॉल के अंदर प्रवेश दिया गया। बता दें शहर के पीवीआर, आइनॉक्स व सिनेमैक्स में बुधवार को कुल 5 शो हुए। जिसमें दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।

फिल्म के बीच में कुछ प्रदर्शनकारियों ने यहां पहुंच विरोध करने की कोशिश की, लेकिन कड़े बंदोबस्त के बीच सुरक्षा बनी रही। फिल्म पद्मावत के प्रदर्शन पर करणी सेना की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म को थिएटर में रिलीज करने के लिए हरी झंडी दिखाई है। पीवीआर में 6 व 7 का शो, आइनॉक्स में 6, 8 का शो व सिनेमैक्स में 6.50 बजे का शो रखा गया था। जानकारों के अनुसार कुल 500 से ज्यादा दर्शकों ने फिल्म देखी।



 


फिल्म में विरोध जैसा कुछ नहीं

 


स्मृति टाकीज के मैनेजर संतोष मिश्रा का फिल्म को लेकर कहना है कि पद्मावत में ऐसा कुछ नहीं की किसीं की भावना को ठेस पहुंचे। पता नहीं इसका विरोध क्यों हो रहा है? थिएटर के अंदर दर्शकों को कुछ भी सामान ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है लिहाजा लोग पानी की बोतल वगैरह बाहर छोड़कर फिल्म देखने जा रहे हैं।

 

 

 



विवादों के चलते बढ़ती गई तिथि

 


इस फिल्म को वर्ष 2017 में ही रिलीज होना था, लेकिन विवादों के कारण बार-बार तिथि आने के बाद भी रिलीज नहीं हो पाई थी। विरोध प्रदर्शन के कारण  छोटे सिनेमाघरों के सामने फिल्म का पोस्टर या बैनर नहीं लगाया गया था।

 



 


सिनेमाघरों के बाहर तगड़ा बंदोबस्त

200  से  अधिक  पुलिस  जवानों  को  सिनेमाघरों के बाहर तैनात किया गया। विशेष पुलिस शाखा विभाग के उपायुक्त नीलेश भरने ने बताया कि शहर के 8 सिनेमाघरों में फिल्म को प्रदर्शित किया जा रहा है। हर सिनेमाघर परिसर में 10 से 12 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। मैं खुद और संबंधित क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त शहर में गश्त कर रहे हैं।  पहचान-पत्र दिखाने के बाद ही किसी को भी सिनेमाघरों के अंदर जाने दिया जाएगा। इस बीच, बुधवार को एम्प्रेस मॉल के सामने फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाले 5 और सीताबर्डी के इंटरनिटी मॉल परिसर से 9 आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया गया। इंटरनिटी मॉल परिसर में 90 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।

 



 


चौराहों पर पैनी नजर

 

शहर के सीताबर्डी, कॉटन मार्केट, सक्करदरा चौक, पंचशील चौक, अलंकार चौक, लिबर्टी चौक, इंदोरा चौक और कमाल चौक सहित अन्य महत्वपूर्ण चौराहों पर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्तों की निगरानी जारी है । सिनेमाघरों में लगे सीसीटीवी कैमरे पर भी पुलिस की नजर रखी जा रही है।

Created On :   25 Jan 2018 7:21 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story