मुंबई में आग ने फिर मचाया तांडव, 4 लोगों की मौत

मुंबई में आग ने फिर मचाया तांडव, 4 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के मरोल इलाके की एक रिहायशी इमारत में देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 लोग घायल बताए जा रहे है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।  आधा दर्जन से ज्यादा दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

गुरुवार रात करीब 01.30 बजे का वक्त था।  सभी गहरी नींद में सो रहे थे। तभी आग ने तांडव मचा दिया। मरोल इलाके की मैमून बिल्डिंग में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मदद के लिए लोग खिड़की से चीख पुकार करने लगे। जिसके बाद करीब एक घंटे में मेरोल इलाके के फायर स्टेशन से दमकल की गाड़िया पहुंची। बिल्डिंग में फंसे कुछ लोगों को तो दमकल कर्मियों ने बचा लिया, लेकिन तीसरे माले पर फंसे दो बच्चे, एक महिला और एक बुजर्ग को नहीं बचाया जा  सका। आग में झुलसने से इन चारों की मौत हो गई।  

चश्मदीदों का कहना है कि लोग बिल्डिंग से बचाव-बचाव कहकर चिल्ला रहे थे। लेकिन किसी भी तरह से उनकी मदद नहीं की जा सकी। लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड अगर समय पर आ जाती तो  इन लोगों की जान बचाई जा सकती थी। मरने वालों में 45 वर्षीय तसनीम कापसी, 15 वर्षीय सकीना कापसी, 8 वर्षीय मोइज कापसी और 70 वर्षीय कापसी शामिल हैं।

फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि 8 दमकलों की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। अंदर फंसे दोनों कमरों के लोगों को बाहर निकाला गया। जबकि तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। ऊपर वाले कमरे में धुएं से बेहोश 7 लोगों का इलाज मुकुंद और कूपर अस्पताल के चल रहा है। 

गौरतलब है कि इससे पहले बीते सप्ताह में कमला मिल्स कंपाउंड के एक पब में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 14 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। सभी की मौत दम घुटने से हुई थी।  इस हादसे में 28 साल की खुशबू मेहता नाम की एक युवती की जान गई थी। खुशबू इस पब में अपनी दोस्त किंजल के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट करने आईं थीं।  हादसे के बाद पब मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

Created On :   4 Jan 2018 2:58 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story