श्रीनगर-हिमाचल में मौसम का पहला Snow Fall, सैलानियों के चेहरे खिले

First snow fall in srinagar and himachal attracting to tourists
श्रीनगर-हिमाचल में मौसम का पहला Snow Fall, सैलानियों के चेहरे खिले
श्रीनगर-हिमाचल में मौसम का पहला Snow Fall, सैलानियों के चेहरे खिले

डिजिटल डेस्क, जम्मू-कश्मीर। श्रीनगर में हुई मौसम की पहली बर्फबारी जहां सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। वहीं घाटी के कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के चलते नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। जवाहर सुरंग के पास दो-दो इंच बर्फ जमा हो गई है। जम्मू कश्मीर में मौसम विभाग ने 11 से लेकर 15 दिसंबर तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की थी। हालांकि इस बर्फबारी ने सैलिनियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है। पहली बर्फबारी का आनंद लेने हर साल कई टूरिस्ट आते हैं।  

वादियों में मोहब्बत की खुशबू 

कश्मीर के साथ ही हिमाचल में भी बर्फबारी हुई है, हिमाचल का मौसम भी आशिकाना हो गया है। धर्मशाला के धौलाधार में पहाड़ बर्फबारी से ढक गए हैं। मंडी जिले के शिकारी देवी समेत कमरूघाटी में भी हल्का स्नो -फॉल हुआ है। टूरिस्टों में अब उम्मीद जग गई है कि इस बार उन्हें व्हाइट क्रिसमस देखने को मिलने वाला है। इस मौसम में मनाली घूमने के शौकीन लोगों ने अपना बैग पैक करना शुरू कर दिया है। कश्मीर और हिमाचल में हुई इस पहली बर्फबारी ने वादियों में मोहब्बत की खुशबू बिखेर दी है। 

गुलमर्ग में भी सैलानी बर्फबारी का ले रहे लुफ्त

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन ने कहा कि 14 दिसंबर तक प्रदेश में बर्फबारी बनी रहेगी। 15 से 17 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा इसके बाद धूप खिलेगी। बर्फबारी होने से तापमान में भी गिरावट आएगी। गुलमर्ग में भी सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और पीरपंजाल की पहाड़ियों में जमकर स्नो फॉल हुआ जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया है। पहलगाम में तीन इंच तक स्नो फॉल हुआ है। जिसके चलते श्रीनगर लेह हाईवे को बंद कर दिया गया है।

दिल्ली में पॉल्यूशन होगा कम

जहां जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई तो वहीं मैदानी इलाकों में जमकर बारिश भी हुई। जिससे घाटी में ठंड और बढ़ गई है। इस बर्फबारी के बाद यहां टूरिस्टों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिल रहा है। सोमवार को अचानक हुई बारिश से दिल्ली में पारा लुढ़क गया। दिल्ली में सोमवार को दिन में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राहत की बात ये है कि बारिश की वजह से दिल्ली में पॉल्यूशन थोड़ा कम होगा।

बर्फबारी से खिले किसानों के चेहरे

वहीं हिमाचल में बर्फबारी न होने से किसान और बागवान मायूस थे। हर साल हिमपात की मात्रा कम होने से घाटी के ग्लेशियरों अधिक दबाव पड़ रहा था। अब बर्फबारी होने से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं।  घाटी के ज्यादातर किसान और बागवान ग्लेशियर और हिमपात के पानी पर ही निर्भर रहते हैं। लाहौल घाटी के लोगों ने सर्दियों के छह महीने गुजारने के तमाम इंतजाम कर लिए हैं। ऐसा माना जाता है कि इस मौसम की बर्फबारी पेड़-पौधों के लिए घी का काम करती है। घाटी के किसान स्थानीय देवी-देवताओं से मन्‍नत भी मांग रहे थे कि बर्फबारी हो, और लगता है कि ईश्वर ने उनकी सुन ली और पहली बर्फबारी से ही पहाड़ों को सफेद चादर ओढ़ा दी। 

Created On :   12 Dec 2017 6:06 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story