ऑस्ट्रेलिया : समुद्र में डूबीं 5 भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी, 1 की मौत

Five indian girls football players sank in sea during australia pacific games
ऑस्ट्रेलिया : समुद्र में डूबीं 5 भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी, 1 की मौत
ऑस्ट्रेलिया : समुद्र में डूबीं 5 भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी, 1 की मौत

डिजिटल डेस्क, एडिलेड। पैसीफिक स्कूल गेम्स के लिए ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर पहुंची भारतीय गर्ल फुटबॉल टीम के साथ एक दुखद हादसा हुआ है। समुद्र किनारे घूमने गए खिलाड़ियों में से 5 छात्राएं समुद्र मे डूब गईं। इनमें से 1 की मौत हो गई, जबकि 4 को बचा लिया गया है। यह घटना रविवार की देर शाम को हुई है। इस हादसे में 2 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एडिलेट जाने वाले भारतीय दल में लगभग 120 सदस्य शामिल थे। सभी भारतीय फुटबॉल खिलाडियों की उम्र 17 साल बताई जा रही है। इस हादसे में मृत लड़की दिल्ली निवासी इतिशा नेगी की उम्र 15 साल बताई जा रही है। सोमवार सुबह मृत छात्रा का शव मिला। शव मिलने के बाद टीम मैनेजमेंट ने इसकी खबर लड़कियों के परिजनों को भी दे दी। इस हादसे के बाद से बाकी की टीमें डरी हुई हैं।

भारतीय बच्चों के इस दल के साथ मध्यप्रदेश के शिक्षा मंत्री विजय शाह भी थे। भारतीय खिलाड़ियों का ये दल पैसीफिक स्कूल गेम्स चैंपियनशिप अंडर-18 में भाग लेने के लिए एडिलेड गया था। यह दौरा 3 दिसंबर से 9 दिसंबर तक का था। भारतीय दल में मध्यप्रदेश के भी 19 बच्चे गए हुए थे।

खेल समाप्ति के बाद कुछ बच्चे एडिलेड के प्रसिद्ध समुंद्री बीच पर घूमने गए थे। इस दौरान पांच भारतीय बच्चे समुद्र के किनारे खड़े थे, तभी अचानक आई तेज लहरों की चपेट में आ गए। वहां तैनात गोताखोरों ने जैसे-तैसे चार बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन एक छात्रा को बचाया नहीं जा सका।

सोमवार सुबह मिला लड़की का शव
स्थानीय मीडिया के अनुसार हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसके तहत 4 लड़कियों को तो शाम तक ही बचा लिया गया था, जबकि मृत लड़की का शव रातभर सर्चिंग के बाद सोमवार सुबह मिला। बता दें कि पैसीफिक स्कूल गेम्स के लिए भारत की तरफ से हॉकी, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल, नेटबॉल, तैराकी और डाइविंग की टीमें एडिलेड में आयोजित स्कूली खेलों में हिस्सा ले रही हैं।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार की अगुवाई वाली एसजीएफआई ने 6 खेलों में अंडर-18 की टीमें उतारी थी। पैसीफिक स्कूल गेम्स का आयोजन ऑस्ट्रेलियाई सरकार और ऑस्ट्रेलियाई स्कूल खेल ने किया था। अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ ने इन खेलों को मान्यता नहीं दी थी।

लड़की की मौत के बाद खेल मंत्रालय ने ट्वीट किया, "ऑस्ट्रेलिया के ग्लेनेग समुद्रतट से बुरी खबर आ रही है। खेल मंत्री विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के संपर्क में है। भारतीय उच्चायोग सभी तरह का सहयोग प्रदान कर रहा है। खिलाड़ी के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।"

सूत्रों से पता चला है कि इन बच्चों की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों को सौंपी गई थी, वे अपने परिवार के साथ घूमने में मग्न थे। ये अधिकारी परिवार को अपने साथ इस दौरे पर किस नियम के तहत लेकर गए, ये एक बड़ा सवाल है। बताया गया है कि अगर ये अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सही से निभाते तो शायद ये दुखद हादसा नहीं होता।

पैसीफिक स्कूल गेम्स में भारतीयों के साथ हुए कई हादसे
गौरतलब है कि पैसीफिक स्कूल गेम्स में ये कोई पहली बार नहीं है, जब भारतीय टीम के साथ इस तरह की वारदात हुई हो। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया गई भारतीय गर्ल्स हॉकी टीम की खिलाड़ियों ने वहां सुविधाएं न मिलने की शिकायत की थी। खिलाड़ियों ने शिकायत की थी कि उन्हें न तो ढंग का खाना दिया गया और न ही मैदान पर जाने के लिए टैक्सी की व्यवस्था की गई।

Created On :   11 Dec 2017 1:48 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story