कश्मीर मुद्दे पर पूर्व विदेश मंत्री बोले- न वो एक इंच देंगे, न हम आधा, ये ऐसे ही चलता रहेगा

Former Minister of external affairs Natwar Singh on kashmir issue
कश्मीर मुद्दे पर पूर्व विदेश मंत्री बोले- न वो एक इंच देंगे, न हम आधा, ये ऐसे ही चलता रहेगा
कश्मीर मुद्दे पर पूर्व विदेश मंत्री बोले- न वो एक इंच देंगे, न हम आधा, ये ऐसे ही चलता रहेगा
हाईलाइट
  • पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा कभी नहीं बदलेगा कश्मीर का हाल।
  • भारत 70 साल से कोशिश कर रहा है
  • लेकिन पाकिस्तान शांति नहीं चाहता : नटवर सिंह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर एक ऐसा मुद्दा है जो कभी सुलझने वाला नहीं है। उन्होंने कहा है, "कश्मीर को लेकर पाकिस्तान एक इंच भी नहीं खिसकेगा और न ही इंडियन आर्मी इस पर आधा इंच खिसकेगी। ऐसे में दोनों देशों के लिए यह हमेशा एक समस्या बनी रहेगी।" नटवर सिंह ने यह टिप्पणी पाकिस्तान में नई सरकार बनने के बाद दोनों देशों के बीच सम्बंधों में आने वाले बदलाव की संभावना को लेकर की है।

नटवर सिंह ने स्पष्ट कहा है, "पाक में नई सरकार आने से कुछ खास नहीं बदलने वाला है। कश्मीर में जो स्थिति अभी है वो आगे भी जारी रहेगी। पाक के आम चुनाव में अगर इमरान की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है तो इसके पीछे कारण आर्मी है। ऐसे में कश्मीर समस्या का हल निकलना मुश्किल है।" उन्होंने यह भी कहा कि भारत पिछले 70 साल से इस समस्या को हल करने और दोनों देशों के बीच शांति लाने का प्रयास कर रहा है लेकिन पाकिस्तान की ओर से हर बार इन प्रयासों को बेकार कर दिया जाता रहा है।

 



पूर्व विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि अगले एक साल तक भारत और पाकिस्तान के बीच किसी प्रकार की शांति बहाल होने की उम्मीद नहीं है क्योंकि नई पाक सरकार 2 से 4 महीने काम समझने में लगा देगी और इसके बाद भारत में आम चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएंगी। ऐसे में फिलहाल दोनों देशों के बीच सम्बंधों में मधुरता दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते काफी तल्ख रहे हैं। आए दिन सीमा पर गोलीबारी की घटनाएं होती रही हैं। इसके साथ ही पाक की ओर से लगातार आतंकी घुसपैठ भी जारी है। भारतीय सेना भी इसका बराबर जवाब देती रही है। उधर, कश्मीर में भी सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खात्मे के लिए ऑपरेशन ऑलआउट जारी रखा है। पिछले दो सालों से सुरक्षाबलों ने यहां कई आतंकियों को ढेर किया है।

जुलाई में पाकिस्तान के आम चुनाव के नतीजे आने के बाद इमरान खान की PTI के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद दोनों ही देशों के मीडिया में इस तरह की खबरें सामने आती रही है कि आने वाले दिनों में शायद दोनों देशों के बीच सम्बंधों में कुछ सुधार आए। हालांकि एक बड़ा वर्ग इस तरह की संभावनाओं को नकारता रहा है।
 

 

Created On :   6 Aug 2018 12:40 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story