MP : पूर्व सीएम शिवराज सिंह की दहाड़, बोले - ‘टाइगर अभी जिंदा है’

MP : पूर्व सीएम शिवराज सिंह की दहाड़, बोले - ‘टाइगर अभी जिंदा है’

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सीएम हाउस में बुधनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सीएम के लिए महिलाओं के आंसू छलक गए। बुधनी सीट से विधायक शिवराज ने यहां इशारों-इशारों में कहा कि हो सकता है कि राज्य में बीजेपी सरकार की वापसी को पूरे पांच साल भी न लगें। वहीं उन्होंने कहा, "टाइगर अभी जिंदा है।"

मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री निवास। यहां पर पिछले करीब 13 सालों से शिवराज सिंह चौहान अपने परिवार के साथ रह रहे हैं, लेकिन अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री निवास छोड़ना होगा। इसीलिए उन्होंने अंतिम बार बुधवार को बुधनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान महिलाएं भावुक हो उठी और पूर्व सीएम के लिए महिलाओं के आंसू छलक गए। इस दौरान शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रही।

उनकी आंखों में भी विदाई के आंसू छलक रहे थे। शिवराज सिंह चौहान ने सीएम हाउस छोड़ने से पहले अंतिम बार जनता को संबोधित करते हुए कहा, "इस डोम में यह आखिरी कार्यक्रम है। यह सुनते ही वहां बैठी महिला कार्यकर्ता जोर से कहा, "भैया, पांच साल बाद फिर आएंगे.."" इस पर तपाक से शिवराज सिंह ने कहा, "हो सकता है पांच साल भी पूरे न लगें। वहीं उन्होंने ये भी कहा, "किसी को भी परेशान होने की जरुरत नहीं है.. टाइगर अभी जिंदा है।"

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी को 109 सीटें मिलीं है। जबकि कांग्रेस के खाते में 114 सीटें आई हैं। बीजेपी का वोट शेयर 41 फीसदी जो कि कांग्रेस से थोड़ा ज्यादा है। एमपी में विधानसभा की 230 सीटें है और बहुमत के लिए 116 विधायकों की जरूरत होती है। सरकार बनाने वाली कांग्रेस को 121 विधायकों का समर्थन हासिल है। ऐसे में शिवराज सिंह के दावे के बाद एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा हो गई है।

 

Created On :   19 Dec 2018 6:06 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story