फ्लोरिडा में पूर्व स्कूल छात्र ने की फायरिंग, 17 बच्चों की मौत

फ्लोरिडा में पूर्व स्कूल छात्र ने की फायरिंग, 17 बच्चों की मौत

डिजिटल डेस्क, पार्क लैंड। अमेरिका के फ्लोरिडा के पार्कलैंड में एक स्कूल में पूर्व छात्र ने फायरिंग कर दी। इस घटना में कम से कम 17 स्कूली बच्चों की मौत हो गई है। वहीं कई के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आरोपी हमलावर स्कूल का ही पूर्व छात्र है,जिसे निकाल दिया गया था। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक़, आरोपी निकोलस ने स्कूल में फ़ायर अलार्म बजाया जिसे लेकर अफ़रा-तफ़री के हालात हो गए, उसके बाद उसने ताबड़तोड़ फ़ायरिंग शुरू कर दी। 

ब्रोवार्ड कंट्री स्कूल में हुई घटना

घटना के वक्त कई बच्चों ने क्लासरूम में छिपकर अपनी जान बचाई, पुलिस ने आरोपी हमलावर छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्र की पहचान 19 साल के निकोल्स क्रूज के रूप में की गई है। ब्रोवार्ड कंट्री स्कूल के सुप्रींटेंडेंट रॉबर्ट रुन्सी ने कहा कि यहां कई लोग मारे गए हैं यह एक भयावह स्थिति है। उन्होंने कहा कि स्कूल के पास संभावित हमलावर की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि बंदूकधारी हमलावर 19 साल का युवक है, जिसने बाद में चुपचाप पुलिस को आत्मसमर्पण कर दिया। इस हमले में घायल 14 लोगों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ब्रोवार्ड कंट्री स्कूल के शेरिफ स्कॉट इजराइल ने स्कूल के पूर्व छात्र यानी आरोपी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बह इस स्कूल में पढ़ता था। उसने स्कूल किसलिए छोड़ा उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। कुछ बच्चों के परिवार वालों और दोस्तों ने जानकारी देते हुए कहा कि जब तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर लिया था, बच्चों को क्लास में ही छुपा के रखा गया था।

प्रेसीडेंट ने जताया घटना पर शोक

एफबीआई भी मौके पर स्थानीय प्रशासन की मदद में जुटी है। अमरीकी टीवी चैनलों के मुताबिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के माता-पिता बड़ी संख्या में पुलिस परिसर के बाहर जमा हो गए हैं और अपने बच्चों की सुरक्षा में जुटे हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लिंडसे वाल्टर्स ने बताया कि राष्ट्रपति को फ्लोरिडा के स्कूल में हुई गोलीबारी की जानकारी दे दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट ने बताया कि उन्होंने गोलीबारी को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत भी की है। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने इस घटना पर ट्विटर पर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी है।

इससे पहले अमेरिका में नेशनल सुरक्षा एजेंसी के मुख्यालय के बाहर बुधवार को गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस मैरीलैंड स्थित फोर्ट मीडे के बाहर हुई गोलीबारी की जांच कर रही है। यह अमेरिका खुफिया सेवा राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) का मुख्यालय है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने एक मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एनएसए ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। 

Created On :   15 Feb 2018 2:36 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story