तेलंगाना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयपाल रेड्डी का निधन

तेलंगाना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयपाल रेड्डी का निधन
हाईलाइट
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी का निधन

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी का हैदराबाद में निधन हो गया। रेड्डी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और यहां एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें एआईजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। रेड्डी का निधन देर रात 2.30 बजे हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक जयपाल रेड्डी बुखार और निमोनिया रोग से पीड़ित थे।

कांग्रेस ने ट्वीट कर रेड्डी को श्रद्धांजलि दी है। कांग्रेस ने लिखा है, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी के निधन की खबर सुनकर हम दुखी हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, उन्होंने 5 बार लोकसभा सांसद, दो बार राज्यसभा सांसद और चार बार विधायक के रूप में काम किया। उनके परिवार और दोस्तों को दुख की इस घड़ी में ताकत मिले।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिवंगत नेता जयपाल रेड्डी को श्रद्धांजलि दी।

जयपाल रेड्डी का जन्म 16 जनवरी 1942 को हैदराबाद के मदगुल में हुआ था। अब यह तेलंगाना राज्य के अंतर्गत आता है। उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं। रेड्डी तेलगू राजनीति में दिग्गज नेता माने जाते रहे हैं। अविभाजित आंध्र प्रदेश में वे 4 बार विधायक रह चुके हैं, वहीं 5 बार वे सांसद चुने गए थे।

15वीं लोकसभा में उनके पास साइंस और टेक्नोलॉजी और अर्थ साइंस के मंत्रालयों का प्रभार था।1998 में पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल की कैबिनेट में सूचना और प्रसारण मंत्रालय का प्रभार भी संभाल चुके हैं। 2009 के लोकसभा चुनावों में जयपाल रेड्डी चेवेल्ला लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे।

गौरतलब है कि, जब इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लागू की थी तो जयपाल रेड्डी ने 1977 में कांग्रेस पार्टी छोड़कर जनता पार्टी का रुख कर लिया था। उन्होंने इंदिरा के खिलाफ आंदोलन छेड़ रखा था। रेड्डी ने 1980 में इसी संसदीय क्षेत्र से इंदिरा के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार मिली थी। 

Created On :   28 July 2019 12:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story