विदिशा: दो कारों में टक्कर के बाद लगी भीषण आग, चार लोग जिंदा जले

विदिशा: दो कारों में टक्कर के बाद लगी भीषण आग, चार लोग जिंदा जले

डिजिटल डेस्क, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।  रविवार रात बागरोद कस्बा के पास नेशनल हाईवे - 146 पर दो कारों में जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग गई। जिससे चार लोग जिंदा जल गए। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है।

गेट लॉक होने से लोग बाहर नहीं निकल पाए

दरअसल घटना त्योंदा थाना क्षेत्र की है। रविवार रात करीब आठ बजे विदिशा-सागर हाईवे पर दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर की वजह से दोनों कारों में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों कारें आग के गोले में तब्दील हो गईं। हालांकि टक्कर के बाद एक कार से लोग बाहर निकल आए थे लेकिन दूसरी कार का गेट लॉक होने की वजह से कार सवार चारों लोग बाहर नहीं निकल पाए और चारों जिंदा जल गए। जानकारी के मुताबिक एक हुंडई की मैग्ना कार नंबर MP 04 CM 1993 और मारुति अल्टो कार नंबर MP 04 CP 0490 की आमने-सामने से भिड़ंत हुई। 

 


कार का पेट्रोल टैंक फटने से विकराल हुई आग

बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोग भी कार के पास तक नहीं पहुंच पा रहे थे। आग लगते ही एक कार का पेट्रोल टैंक फूट गया था जिससे आग और विकराल हो गई। दोनों कारें करीब एक घंटे तक जलती रहीं। हालांकि घटना के तुरंत बाद ही पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया गया था लेकिन गंजबासौदा से फायर ब्रिगेड हादसे के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक चारों लोग पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल बागरोद चौकी से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। पुलिस ने बताया अगर कार का गेट लॉक नहीं होता तो चारों लोग बच सकते थे। 



घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती 

वहीं दूसरी कार में सवार चार लोग घायल हो गए थे जिन्हें डायल 100 की मदद से राहतगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर रेफर कर दिया गया। त्योंदा थाने के एएसआई चंद्रभान सिंह के मुताबिक ये चारों घायल MP 04 CM 1993 नंबर वाली कार में सवार थे जो संभवत: सागर से भोपाल जा रहे थे। ये कार भोपाल के जहांगीराबाद में रहना वाले मोहम्मद यासीन के नाम से रजिस्टर्ड है।

अल्टो कार में सवार लोगों की हुई मौत 

MP 04 CP 0490 नंबर वाली अल्टो कार में सवार लोगों की मौत हुई है। ये कार नारियलखेड़ा के शारदा नगर बी-ब्लॉक के रहने वाले भूरेलाल प्रजापति के नाम से रजिस्टर्ड है। 


 

Created On :   23 April 2018 3:58 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story