मप्र के विश्वविद्यालयों में स्थापित होंगे गांधी पीठ : कमलनाथ

Gandhi Peeth to be established in MP universities: Kamal Nath
मप्र के विश्वविद्यालयों में स्थापित होंगे गांधी पीठ : कमलनाथ
मप्र के विश्वविद्यालयों में स्थापित होंगे गांधी पीठ : कमलनाथ

भोपाल, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभी विश्वविद्यालयों में गांधी पीठ स्थापित करने का ऐलान किया है।

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुधवार को प्रशासनिक अकादमी में आयोजित मैं हूं गांधी समारोह में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में गांधी पीठ स्थापित किया जाएगा। साथ ही, हर महाविद्यालय में गांधी स्तंभ बनाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों, सिद्धांतों और उनके संघर्षो से अवगत करा सकेंगे।

उन्होंने गांधी के योगदान का जिक्र करते हुए युवाओं से कहा, नौजवान देश का भविष्य हैं। उन्हें यह तय करना होगा कि हम अपने देश का भविष्य किन विचारों के साथ सुरक्षित देखते हैं। आज हमारा देश जाति, धर्म, भाषा, संस्कृति की इतनी विभिन्नताओं के बीच भी अगर एकता के साथ एक झंडे के नीचे खड़ा है, तो उसका श्रेय गांधी जी के विचारों को जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, भावी पीढ़ी को इसलिए गांधी जी को जानना जरूरी है, क्योंकि उन्हीं के दिखाए मार्ग से अपने देश को सुरक्षित रख सकते हैं। शिक्षा युवाओं को ज्ञान अर्जित कर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाता है।

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि अहिंसा, सहिष्णुता, सद्भाव, मानवता और समानता गांधी जी के विचारों के प्रमुख केन्द्र रहे हैं, और यही हमारे देश की विशेषता भी है।

उन्होंने कहा, युवा वर्ग को गांधी जी के इन विचारों से रू-ब-रू कराने के लिए हमने महाविद्यालयों में अभियान छेड़ा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व से नौजवान परिचित हों, यह आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मैं हूं गांधी मोहन से महात्मा तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और उसका अवलोकन भी किया।

-- आईएएनएस

Created On :   2 Oct 2019 6:00 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story