ईद पर गले लगाना लड़की के लिए बना आफत, फतवा जारी, लड़की बोली- इरादा नेक था

ईद पर गले लगाना लड़की के लिए बना आफत, फतवा जारी, लड़की बोली- इरादा नेक था

डिजिटल डेस्क, मोरादाबाद। ईद पर मुरादाबाद की एक लड़की ने100 लोगों को गले लगाकर मुबारकबाद दी थी। ऐसा करना अब इस लड़की के लिए आफत बन गया है। दरअसल अलिशा मलिक नाम की इस लड़की के खिलाफ माफी मांगने का फतवा जारी किया गया है। फतवा जारी होने के बाद अलिशा ने कहा कि उन्होंने ऐसा गलत इरादे से नहीं किया। उन्हें नहीं पता कि ये वीडियो कैसे वायरल हो गया।

पब्लिसिटी के लिए नहीं किया
अलिशा ने कहा, मैंने ईद के दिन 100 लोगों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ये सब मैंने पब्लिसिटी के लिए नहीं किया। मेरे परिवार के पास कई लोगों के मैसेज आ रहे है कि मैंने अपने परिवार और धर्म की प्रतिष्ठा धूमिल कर दी है। मेरे माता पिता को धमकियां मिल रही है। कई लोग लानतें भेज रहे है। मेरा बाहर आना-जाना मुश्किल हो गया है। मैं चाहती हूं कि लोग अपनी सोच को नीचे न करें। मैंने तो ईद की मुबारकबाद के लिए यह प्‍लान बनाया था।

 

 

सिनेमाहॉल के सामने खड़ी हो गई थी अलीशा
बता दें कि ईद के दिन लोगों को मुबारकबाद देने के लिए वो एक सिनेमाहॉल के सामने खड़ी हो गई थी। देखते ही देखते लड़की से गले लगने के लिए लोगों की लाइन लग गई। तभी किसी ने इसका वीडियो बनाकर यू ट्यूब पर डाल दिया और ये वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ मौलानाओं को ये बात हजम नहीं हुई। इसके बाद लड़की के खिलाफ माफी मांगने का फतवा जारी कर दिया गया। वह जहां जाती है वहां उससे एक ही सवाल होता है कि उसने ऐसा क्यों किया।

सिर्फ लड़की के खिलाफ ही फतवा क्यों?
फतवा जारी होने के बाद कई लोग यह सवाल उठा रहे है कि लड़की के खिलाफ ही फतवा क्यों जारी किया गया है। उन लड़कों के खिलाफ फतवा क्यों नहीं जारी किया गया जो लाइन में लगकर लड़की से गले लगे थे। हालांकि बढ़ता विरोध देख लड़की ने भी माफी मांग ली है उन्होंने कहा कि अगर किसी को बुरा लगा तो वह माफी मांगती है। वहीं बीजेपी के एक नेता ने कहा कि लड़की के ऐसा करने से दंगा और बलवा हो सकता था।  

 

Created On :   22 Jun 2018 2:23 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story