अमेठी से मिशन 2019 का आगाज करने जा रहे हैं राहुल, रास्ते में खाई चाट-पकौड़ी

Grand welcome awaits rahul in amethi today
अमेठी से मिशन 2019 का आगाज करने जा रहे हैं राहुल, रास्ते में खाई चाट-पकौड़ी
अमेठी से मिशन 2019 का आगाज करने जा रहे हैं राहुल, रास्ते में खाई चाट-पकौड़ी

डिजिटल डेस्क, अमेठी। कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी आज पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर है। राहुल यहां दो दिनों तक रहेंगे। यानी मकर संक्रांति का त्योहार राहुल अपने संसदीय क्षेत्र में ही मनाएंगे।  पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वागत की भव्य तैयारियां की है। बताया जा रहा है कि तकरीबन एक हफ्ते से ये तैयारियां की जा रही है। राहुल के स्वागत की तैयारियां कर रहे कार्यकर्ताओं ने एक विवादित पोस्टर भी लगाया है। इस पोस्टर में राहुल गांधी को भगवान राम के अवतार में दिखाया गया है। वहीं पीएम मोदी को रावण के तौर पर पोस्टर में प्रस्तुत किया गया है। सुबह करीब 10.30 बजे राहुल दिल्ली से लखनऊ पहुंचे। इसके बाद वह सड़क मार्ग के जरिए रायबरेली होते हुए अमेठी के लिए रवाना हुए।

राहुल ने उठाया चाय पकौड़ी का लुत्फ

राहुल गांधी का अमौसी एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद राहुल का काफिला अमेठी के लिए रवाना हो गया। इस बीच  राहुल गांधी ने निगोहां पर अचानक अपने काफिले को रुकवा दिया और चाय-पकौड़ी का लुत्फ उठाया। राहुल गांधी ने निगोहां के राम होटल में चाय-पकौड़ी के साथ समोसा भी खाया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर तथा पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह भी थे।

हनुमान मेंदिर में दर्शन

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली जिले की सीमा में प्रवेश करते ही चुरवा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किये और प्रसाद ग्रहण किया। राहुल गांधी ने बछरावां में लगभग 11.30 बजे चुरुवा के हनुमान मंदिर में पूजा की। हरचंदपुर में स्कूल के बच्चों ने राहुल गांधी का स्वागत किया। राहुल गांधी ने ऑटोग्राफ दिया।

भव्य स्वागत की तैयारी

राहुल के अमेठी में स्वागत की तैयारियां कितनी भव्य तौर पर की जा रही है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, तकरीबन 10 क्वींटल गुलाब के फूल राहुल गांधी पर बरसाए जाने के लिए ऑर्डर दिया गया हैं।  इसके अलावा राहुल गांधी की पसंदीदा मिठाइयां भी बांटने की तैयारी चल रही है। लोकगीतों और लोकनर्तकों की टोलियों को भी प्रस्तुतियों के लिए तय कर लिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल के स्वागत के लिए गाजे-बाजे के साथ-साथ पटाखे जलाने और होली खेलने का भी मन बना चुके हैं। अमेठी राहुल का संसदीय क्षेत्र है इसीलिए वह इस दौरे में अपने क्षेत्र के विकास की समीक्षा करेंगे। राहुल के स्वागत में भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है।  इस मौक़े पर राहुल गांधी हनुमान मंदिर का दौरा करेंगे, साथ ही मकर संक्राति के मौके पर खिचड़ी खाएंगे।


लगाए गए विवादित पोस्टर

कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर दीवारों पर पोस्टर्स भी लगे हैं। इन विवादित पोस्टरों को अमेठी में राहुल गांधी के दौरे से एक दिन पहले रविवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। पोस्टर में राहुल गांधी भगवान राम के रूप में दिखाई दे रहे हैं तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दस सिर वाले रावण के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टर पर लिखा है कि राहुल रूप में भगवान राम का अवतार 2019 में आएगा राहुल राज (रामराज)। ये पोस्टर गौरीगंज के युवा नेता अभय शुक्ला की तरफ से लगाए गए हैं। पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम मोदी पर तीर कमान साधे दिखाई दे रहे हैं।   शुक्ला ने कांग्रेस पार्टी के साथ अपने किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। शुक्ला ने कहा, "पीएम मोदी ने हमसे विदेश में जमा कालेधन को वापस लाने का वादा किया था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उनके द्वारा किए गए सारे वादे झूठे निकले। हमें भरोसा है कि 2019 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और सभी वादों को पूरा करेंगे।" 


प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार

राहुल गांधी अमेठी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे कांग्रेस अध्यक्ष हैं। जिला कांग्रेस कमिटी अमेठी के प्रवक्ता अनिल सिंह के मुताबिक अमेठी से गांधी परिवार का ताल्लुक यहां लोगों को उत्साहित करने वाला है। राजीव गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पीएम हुए थे जबकि अमेठी का प्रतिनिधित्व करते हुए सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष हुई थीं। उन्होंने पीएम की कुर्सी स्वीकार नहीं की, लेकिन अब राहुल गांधी यहां का प्रतिनिधित्व करते हुए अध्यक्ष हुए हैं और 2019 में वह प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।


राहुल गांधी का कार्यक्रम

माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2019 को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए राहुल गांधी ने यह पहल की है।पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश एवं नई ऊर्जा का संचार करने के लिए क्षेत्र के सात प्रमुख स्थानों पर राहुल का रोड शो करने का कार्यक्रम है। राहुल गांधी 15 जनवरी की सुबह 10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरेंगे। दोपहर करीब 12.30 बजे राहुल रायबरेली होते हुए सलोन पहुंचेंगे।  सलोन नगर पंचायत  उनका स्वागत करेगी। यहां राहुल एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह अमेठी  पहुंचेंगे। यहां जनसम्पर्क करते हुए वो मुशीगंज अतीथिगृह जाएंगे।

 

16 जनवरी को राहुल का सुबह करीब साढ़े दस बजे गांधी के मुसाफिरखाने में लोगों से मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुसाफिरखाना में जनसम्पर्क करते हुए वह गौरीगंज पहुंचेंगे।  जगह-जगह पुष्प वर्षा के कार्यक्रम तय हैं।  केवल गौरीगंज के लिए ही दो कुंतल फूलों का ऑर्डर दिया गया है। वहां से जनसम्पर्क करते हुए जायस होते हुए वो जगदीशपुर में लोगों से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। इसके बाद वो मोहनगंज में जनसम्पर्क करते हुए रायबरेली आएंगे। यहां से सड़क के रास्ते वो लखनऊ पहुंचेंगे। 16 जनवरी की शाम राहुल दिल्ली वापस आ जाएंगे।

Created On :   15 Jan 2018 3:08 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story