दलबदलू एनसीपी नेताओं को भाजपा संगठन में मिला स्थान- हाडिक, चित्रा व इनामदार बने प्रदेश उपाध्यक्ष 

Hadik, Chitra, Inamdar became vice president of BJP organization
दलबदलू एनसीपी नेताओं को भाजपा संगठन में मिला स्थान- हाडिक, चित्रा व इनामदार बने प्रदेश उपाध्यक्ष 
दलबदलू एनसीपी नेताओं को भाजपा संगठन में मिला स्थान- हाडिक, चित्रा व इनामदार बने प्रदेश उपाध्यक्ष 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को पार्टी के प्रदेश संगठन में जगह मिली है। कोल्हापुर के पूर्व सांसद धनंजय महाडिक को प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की गई है। राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रही चित्रा वाघ और सांगली के  शेखर इनामदार को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने यह नियुक्ति की। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राकांपा उम्मीदवार रहे महाडिक को हार मिली थी। इसके बाद महाडिक ने 1 सितंबर को भाजपा में प्रवेश किया। 

अनुच्छेद 370 पर संपर्क अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 रद्द करने के फैसले को भाजपा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भुनाना चाहती है। इसको लेकर भाजपा प्रदेश में संपर्क अभियान व जनजागरण अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा के संपर्क अभियान और जनजागरण अभियान के संयोजक राजेश पांडे होंगे। विदर्भ में दोनों अभियान की जिम्मेदारी देवेंद्र दस्तुरे और शिवराय कुलकर्णी को दी गई है। मराठवाड़ा के लिए बसवराज मंगरुले और राम कुलकर्णी, उत्तर महाराष्ट्र के लिए अरविंद जाधव और सुनील बच्छाव, मुंबई के लिए राजीव पांडे और सुनील राणे, कोंकण के लिए सुभाष काले और दीपक जाधव, पश्चिम महाराष्ट्र के लिए भरत पाटील और नामदेव ताकवणे को नियुक्त किया गया है। 

मोदी के जन्मदिवस पर सेवा सप्ताह 

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेश भाजपा ने सेवा सप्ताह के आयोजन के लिए समिति गठित की है। समिति के प्रदेश संयोजक योगेश गोगावले बनाए गए हैं। मुंबई में सेवा सप्ताह के आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री विनोद तावडे, स्कूली शिक्षा मंत्री आशीष शेलार और नगर विकास राज्य मंत्री योगेश सागर की दी गई है। विदर्भ के लिए राजेंद्र डांगे और मिलिंद भेंडे, मराठवाड़ा के लिए संजय केणेकर, सुरेंद्र कुलकर्णी और शैलेष गोजमगुंडे को नियुक्त किया गया है। जबकि उत्तर महाराष्ट्र के लिए जलगांव के सांसद उन्मेष पाटील व प्रशांत पाटील और पश्चिम महाराष्ट्र के लिए शेखर इनामदार व श्रीनाथ भिमाले की नियुक्त की गई है। कोंकण के लिए संजय वाघुले और हर्षद पाटील को जिम्मेदारी दी गई है। 

Created On :   5 Sep 2019 3:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story