नागपुर समेत विदर्भ में जारी है हीट वेव , 47.1 डिग्री के साथ राज्य में ब्रम्हपुरी सबसे गर्म रहा

Heat wave continue nagpur and vidarbha,bramhapuri was the hottest
  नागपुर समेत विदर्भ में जारी है हीट वेव , 47.1 डिग्री के साथ राज्य में ब्रम्हपुरी सबसे गर्म रहा
  नागपुर समेत विदर्भ में जारी है हीट वेव , 47.1 डिग्री के साथ राज्य में ब्रम्हपुरी सबसे गर्म रहा

डिजिटल भास्कर, नागपुर। नागपुर समेत पूरे विदर्भ में हीट वेव (गर्म हवा) का प्रकोप जारी है। तेज धूप व गर्म हवा के कारण लोगों का दोपहर में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी इतनी ज्यादा पड़ रही है कि सड़क से डामर पिघलने लगा है। बुधवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को तापमान में मामूली कमी होने की संभावना है, फिलहाल नागपुर रेड अलर्ट है। 
 
मौसम विभाग के अनुसार नागपुर के अलावा विदर्भ के जिन जिलों में रेड अलर्ट है, वहां हीट वेव जारी है। हीट वेव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। बुधवार को चंद्रपुर जिले का ब्रम्हपुरी विदर्भ में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस झुलसानेवाली गर्मी में घर से बाहर नहीं निकले तो ही अच्छा है। राज्य में यह रिकार्ड तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद चंद्रपुर गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री रहा। पडोसी जिला वर्धा भी पिछले कुछ दिनों से खूब गर्म हो रहा है। वर्धा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। नागपुर समेत पूरे विदर्भ में हीट वेव जारी रहेगा। गुरुवार को नागपुर का तापमान 45 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है। ऊपर से सूरज देवता की तपन व नीचे से रास्ते से निकल रही गर्म हवा से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। शाम 6 बजे भी सड़क से गर्म हवा निकलते रहती है। गर्मी के कारण पंखे, कूलर कमरों को ठंडा नहीं कर पा रहे है। कुछ समय के बाद कूलर भी गर्म हवा फेंकता है। तापमान में कुछ कमी की गुंजाइश हैै, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की फिलहाल उम्मीद नहीं है। 

मौसम वैज्ञानिक भी फेल

मौसम विभाग के अनुसार, नागपुर समेत विदर्भ का एरिया कर्क रेखा के पास होने से यहां सूर्य की रोशनी सीधी पड़ती है, जिसका असर गर्मी के रूप में देखा जाता है। इस साल विदर्भ में गर्मी का रिकार्ड अप्रैल से ही टूटने का सिलसिला शुरू हो गया। गर्मी इतनी ज्यादा पड़ रही है कि मौसम वैज्ञानिकों के तर्क भी फेल हो रहे हैं। सोमवार को पारा मामूली नीचे आया आैर ऐसा माना जा रहा था कि मंगलवार को पारा और थोड़ा लुढ़केगा। मौसम विभाग नागपुर येलो अलर्ट में आने की उम्मीद में था, पर मंगलवार को नागपुर रेड अलर्ट में आ गया।  मंगलवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 46.3 व न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री रहा। नागपुर समेत विदर्भ के चंद्रपुर, ब्रह्मपुरी व वर्धा रेड अलर्ट में आ गए। अकोला व अमरावती भी रेड अलर्ट के करीब पहुंच रहा है। 

Created On :   2 May 2019 8:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story