नवतपा में आंधी-तूफान और गरजे बादल, जमकर हुई बारिश  

heavy rain and thunderstorm during Nawatapa rocked the city Nagpur
नवतपा में आंधी-तूफान और गरजे बादल, जमकर हुई बारिश  
नवतपा में आंधी-तूफान और गरजे बादल, जमकर हुई बारिश  

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बिजली की कड़क, हवा  की गति और तेज बारिश ने शनिवार शाम शहर को तरबतर कर दिया। दिन भर लोग उमस और गर्मी से परेशान रहे।  शाम 5 बजे तक मौसम शांत बना रहा। आधे घंटे में ही मौसम ने अचानक रंग बदला और काले मेघ आसमान में छा गए। शहर में अंधेरा पसर गया। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और बिजली कड़कने लगी। करीब 160 किमी की गति से हवा बहने लगी। साथ ही तेज बौछारों ने पूरे शहर को भिगोना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक मूसलधार बारिश हुई। रात 8:30 बजे तक 33.80 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बौछार इतनी तेज थी कि 5000 मीटर तक चल रही  दृश्यता 50 मीटर पर आ गई। 

जानें अचानक कैसे हुईं ऐसी बारिश 
मौसम जानकारों के अनुसार, क्यूनो निंबस नामक यह बादल मोटाई में करीब 12 किमी ऊंचा था। इसकी लंबाई भी करीब 50 किमी रही होगी। इसके अंदर की तेज गतिविधियों ने बिजली की कड़क और चमक के साथ वर्षा करनी शुरू कर दी। शुरुआत में कुछ मिनटों के लिए हवा की गति 170 किमी तक पहुंच गई, जो बाद में 60-70 किमी की गति पर बहती रहीं। 5 बजे के पूर्व जो दृश्यता 5000 मीटर तक थी, वह एक समय 50 मीटर पर आ गई। करीब 7 बजे दृश्यता 500 मीटर तक पहुंच सकी। 

कुछ दिन और पड़ेगी गर्मी 
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ऊपर रहा। रविवार तक बादल छंट जाएंगे और गर्मी फिर अपनी प्रचंडता पा लेगी। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ अभी भी लू की चपेट में बना हुआ है। 

पूरे शहर की बत्ती गुल 
आंधी-तूफान ने शनिवार को पूरे शहर की बत्ती गुल कर दी। जैसे ही आंधी-तूफान आया, कई क्षेत्र अंधेरे में चले गए तो कहीं सावधानी के तौर पर विद्युत आपूर्ति रोकी गई, वहीं कई जगह ट्रिपिंग ने बिजली गुल कर दी। तारों पर पेड़ और होर्डिंग्स गिरने से भी बिजली  व्यवस्था बिगड़ गई। प्रभावित इलाकों के लोग एसएनडीएल के हेल्प लाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश इस दौरान करते रहे, पर बात नहीं हो पाई। महावितरण का भी करीब करीब पूरा क्षेत्र अंधेरे में रहा। त्रिमूर्ति नगर, शंकर नगर, प्रताप नगर, धंतोली, अंबाझरी रोड के अलावा एमआईडीसी, हिंगना के अलावा कुही, हुडकेश्वर, नरसाला आदि इलाकों की भी बिजली गुल हो गई। 

होर्डिंग तारों पर गिरा, लाइन टूटी 
11 केवी आयुर्वेदिक फीडर पर बैनर के गिरने से पूरी लाइन ट्रिप हो गई। इसके चलते 2 ट्रांसफर्मरों की व हेगडेवार स्मारक की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। 

Created On :   27 May 2018 9:15 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story