मनपा, सरकार और यूनियन को हाईकोर्ट का नोटिस, बेस्ट बस हड़ताल को लेकर याचिका

High Court sent notice to BMC, Government and Best Union on Bus Strike
मनपा, सरकार और यूनियन को हाईकोर्ट का नोटिस, बेस्ट बस हड़ताल को लेकर याचिका
मनपा, सरकार और यूनियन को हाईकोर्ट का नोटिस, बेस्ट बस हड़ताल को लेकर याचिका

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में बेस्ट बस कर्मचारियों की जारी हड़ताल पर बांबे हाईकोर्ट ने राज्य सरकार, मुंबई महानगरपालिका व बेस्ट कर्मचारियों के यूनियन को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट में बेस्ट बस की हड़ताल के खिलाफ पेशे से वकील दत्ता माने ने जनहित याचिका दायर की है। बेस्ट बस के कर्मचारी वेतन में वृद्धि व अपनी विभिन्न मांगो को लेकर तीन दिन से हड़ताल पर है। गुरुवार को मुख्य जस्टिस नरेश पाटील व जस्टिस एनएम जामदार की बेंच के सामने याचिका का उल्लेख किया। इस दौरान बेंच से मांग की गई कि बेस्ट कर्मचारियों को तुरंत हड़ताल खत्म करने का निर्देश दिया जाए और बेस्ट प्रशासन को कर्मचारियों की मांग पर विचार करने के लिए कमेटी गठित करने का निर्देश दिया जाए। क्योंकि हड़ताल के चलते मुंबई के लाखों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बेंच ने शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई है। 

मुंबई में बस हड़ताल तीसरे दिन जारी  
मुंबई में नागरिक परिवहन उपक्रम ‘बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन’ (बेस्ट) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही, जिसके चलते महानगर में लाखों यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गई। एक अधिकारी ने बताया कि सुबह से बेस्ट की एक भी बस मुंबई की सड़कों पर नहीं उतरी। यात्रियों ने शिकायत की है कि ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालक सामान्य दरों के मुकाबले बहुत अधिक पैसे ले रहे हैं। कुछ परेशान यात्रियों ने महाराष्ट्र सरकार से विरोध प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। बेस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गतिरोध के जल्द समाप्त होने की उम्मीद जताई है।

बेस्ट के लगभग 32,000 कर्मचारी, वेतनमान बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये थे। राज्य सरकार ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल महाराष्ट्र आवश्यक सेवा प्रबंधन अधिनियम (एमईएसएमए) लगाया। साथ ही ‘बेस्ट’ के प्रबंधन ने उन्हें अपनी हड़ताल खत्म करने और बातचीत के लिए आने की अपील की है।

बेस्ट प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई के तहत 2,000 से अधिक कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उपक्रम द्वारा प्रदान किए गए मकानों को खाली करने के लिए कहा था। प्रबंधन ने बेस्ट वर्कर्स यूनियन के नेता शशांक राव के साथ भी बातचीत की, लेकिन उसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकल सका। बेस्ट के एक अधिकारी ने बताया कि शिवसेना समर्थित यूनियन, बेस्ट कामगार सेना हड़ताल से अलग हो गई है। इसके बावजूद बुधवार को बेस्ट की केवल 11 बसें ही सड़क पर उतर सकी। देरशाम हड़ताल खत्म कराने के लिए शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। 

Created On :   10 Jan 2019 5:04 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story