Hockey world cup 2018: न्यूजीलैंड ने फ्रांस को 2-1 से हराकर जीत से किया आगाज

Hockey world cup 2018: न्यूजीलैंड ने फ्रांस को 2-1 से हराकर जीत से किया आगाज
हाईलाइट
  • रसेल ने 16वें और स्टीफन ने 55वें मिनट में न्यूजीलैंड के लिए गोल दागे

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। हॉकी विश्व कप के ग्रुप मैच में न्यूजीलैंड ने गुरुवार को कलिंगा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में फ्रांस को 2-1 से हराया। न्यूजीलैंड ने केन रसेल और स्टीफन जेनेस द्वारा किए गए गोलों के दम पर यह मुकाबला जीता और टूर्नामेंट का आगाज जीत से किया। रसेल ने 16वें मिनट में किवी टीम के लिए गोल किया तो वहीं 55वें मिनट में स्टीफन ने न्यूजीलैंड के लिए दूसरा गोल दागा। 

आखिरी क्वार्टर में फ्रांस को तीन पेनाल्टी कॉर्नर भी मिले थे जिसमें से वह सिर्फ एक पर ही गोल दागने में सफल रही। उसके लिए यह गोल कप्तान विक्टर चाल्र्ट ने 59वें मिनट में दागा। किवी टीम ने मैच में आक्रामक शुरुआत की और शुरुआती मिनटों में फ्रांस के डिफेंस की कई बार परीक्षा ली। फ्रांस के खिलाड़ी हालांकि किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं थे। उन्होंने धीरे-धीरे लय पकड़ी और पहले क्वार्टर के आखिरी में कुछ मौके बनाए। उसके पास गोल करने का मौका भी आया जीसका वह वायदा उठाने में असफल रहे। 

कीवी टीम ने इस बीच अपनी लय नहीं खोई और दूसरे क्वार्टर के शुरुआत में ही वह गोल करने में सफल रही। रसेल के 16वें मिनट में किए बेहतरीन गोल से किवी टीम 1-0 से आगे हो गई। फ्रांस सतर्क हो गई थी और अब उसके खिलाड़ी बराबरी के लिए उतावले दिख रहे थे। 19वें मिनट और 20वें मिनट में फ्रांस की आक्रमण पंक्ति ने मौके बनाए जिसे किवी टीम के मजबूत डिफेंस ने रोक दिया। 

दूसरे क्वार्टर में गोल करने में विफल रहने के बाद तीसरे क्वार्टर में फ्रांस के पास कई मौके आए लेकिन किसी भी मौके को गोल में नहीं बदल पाए। 39वें मिनट में फ्रांस बराबरी के एक और मौके को जाया कर गई चौथे और आखिरी क्वार्टर में 52वें मिनट फ्रांस को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों पर ही चाल्र्ट गोल नहीं कर सके।

वहीं फ्रांस के लगातार आक्रमण के बीच किसी तरह अपनी बढ़त को बनाए रख पाने में सफल रही किवी टीम के लिए स्टीफन ने दूसरा गोल कर काम आसान कर दिया। इस गोल के बाद उसके लिए आखिरी पांच मिनटों में बढ़त को बनाए रखना आसान हो गया था। 

स्टीफन का यह गोल किवी टीम के लिए एक तरह से भाग्यशाली रहा क्योंकि अगर यह गोल नहीं होता तो 59वें मिनट में फ्रांस के कप्तान द्वारा पेनाल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल के कारण मैच बराबरी पर खत्म हो जाता। चाल्र्ट का यह गोल हालांकि काफी देर से आया जो फ्रांस की हार का बड़ा कारण भी रहा। 

Created On :   30 Nov 2018 4:08 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story