भोपाल मेला उत्सव समिति के होली मिलन समारोह मे कमलनाथ बोले- विविधता ही हमारी पहचान

भोपाल मेला उत्सव समिति के होली मिलन समारोह मे कमलनाथ बोले- विविधता ही हमारी पहचान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल मेला उत्सव समिति के सर्व धर्म होली मिलन समारोह का आयोजन राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल में किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, बाबूलाल गौर समेत तमाम नेता शामिल हुए। ये मेला 28 सालों से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सीएम कमलनाथ ने कहा कि आपके सहयोग से हम एमपी के विकास का नया नक्शा बनाएंगे।

समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम में स्वर्गीय रमेश च्रंद अग्रवाल जी को याद किया। उन्होंने कहा, "रमेश चंद्र जी ने भोपाल मेला उत्सव समिति के लिए कई काम किए हैं।  उन्हीं की प्रेरणा और मेहनत से समिति इस तरह के गौरवपूर्ण आयोजन करने की स्थिति में आई है। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये समिति ईद मिलन और दिवाली मिलन भी आयोजित करती है।" उन्होंने कहा, "समिति केवल मेले में व्यापार नहीं करती, समिति ने 5 हजार लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन, 5 हजार लोगों का कैंसर परीक्षण भी करवाया है। इसके अलावा ये समिति 25 हजार छात्रों की मदद कर चुकी है।" मनमोहन जी ने कहा कि "इस समिति से कई मशहूर लोग जुड़े हैं। मेले पर हर मुख्यमंत्री का स्नेह रहा है।" उन्होंने कहा कि "मैं कमलनाथ जी से भी यही आशा करता हूं।"

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित करने के लिए समिति को धन्यवाद दिया। सीएम कमलनाथ ने कहा, "कुछ लोग कहेंगे कि मिंटो हॉल का नाम बदल देना चाहिए, लेकिन हमें अपनी संस्कृति का ध्यान रखना होगा। भारत विविधता वाला देश है। भारत की पहचान ही संस्कृति है। उन्होंने कहा, आप चंद्रगुप्त या अशोक के दौर से देखें। आप दक्षिण में जाओ तो देखोगे की ये धोती, लुंगी बन जाती है। महिलाओं का साड़ी पहनने का तरीका बदल जाता है। हमारे देश में सोच की आजादी है। भारत में इतनी अनेकता के बावजूद एकता का कारण इसकी विविधता है। 

कमलनाथ ने कहा, "कोई ऐसा देश नहीं है जिसकी इतनी अध्यात्मिक शक्ति है। विदेश से लोग यहां आते हैं। हम उत्तर से दक्षिण जाते हैं तो मंदिर का स्टाइल भी बदल जाता है।" उन्होंने कहा, सोवियत संघ इसलिए बिखरा क्योंकि उसमें इतनी शक्ति और विविधता नहीं थी। ये हमारी ताकत है कि आज भी हम इस जगह को मिंटो हॉल कहते हैं। आज तक इसका नाम नहीं बदला।" कमलनाथ ने कहा, "आज इस होली मिलन समारोह में यहीं कहूंगा कि नई पीढ़ी को अपने मूल्यों से जोड़ना है। बुजुर्गों की दुनिया कुछ और थी। नए बच्चों की दुनिया कुछ और है। आपके सहयोग से हम एमपी के विकास का नया नक्शा बनाएंगे। व्यापार की चुनौती को दूर कर नया एमपी बनाएंगे।" 

इस कार्यक्रम में चिकित्सा सेवा सम्मान भी दिया गया। कार्यक्रम में सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, बाबूलाल गौर, जनसम्पर्क मंत्री पीसी शर्मा, मंत्री जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, महंत चंद्रमा दास त्यागी, गोविंद गोयल, फादर स्टीफन जोसेफ, सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा, विधायक कृष्णा गौर समेत तमाम नेता, समिति के उपाध्यक्ष राजेश जैन, विजय अग्रवाल और ओम प्रकाश सिंहल, महामंत्री बसंत गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्यामबाबू अग्रवाल, महामंत्री संतोष अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक रवि गगरानी, प्यारे मियां, अनुपम अग्रवाल, सुनील जैनाविन, भोपाल के प्रमुख व्यापारी, समाजसेवी और सभी वर्गों के लोग शामिल हुए।

Created On :   4 April 2019 3:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story