दो नागरिक पाक में अरेस्ट, भारत ने कहा- बिना किसी नुकसान के किया जाए वापस

दो नागरिक पाक में अरेस्ट, भारत ने कहा- बिना किसी नुकसान के किया जाए वापस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को पाकिस्तान से दो भारतीय नागरिकों - को कॉन्सुलर एक्सेस प्रदान करने के लिए कहा। इन दोनों नागरिकों को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई की दोनों भारतीय पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा का शिकार नहीं होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों को बिना किसी नुकसान के वापस कर दिया जाना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, "दो भारतीय नागरिक अनजाने में 2016-17 में पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे। हमने पाकिस्तान के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया था। इसके बाद से हमें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।" उन्होंने कहा, "गिरफ्तारी की अचानक घोषणा हमारे लिए आश्चर्य का विषय है।" रवीश कुमार ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि दोनों भारतीय नागरिक (प्रशांत और बारेलाल) पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा का शिकार नहीं होंगे। हमने पाकिस्तान सरकार से संपर्क किया है और तत्काल कॉन्सुलर एक्सेस के लिए अनुरोध किया है।"

प्रशांत के पिता वी बाबू राव ने कहा था कि वह (प्रशांत) अपनी प्रेमिका की तलाश में अप्रैल 2017 में घर से निकल गया था। लगभग चार साल पहले बेंगलुरु में वह महिला प्रशांत को मिली थी। बाद में प्रशांत को हैदराबाद में नौकरी मिल गई। राव ने कहा  "एक दिन वह ऑफिस से घर नहीं लौटा। वह बस गायब हो गया। इसके बाद मैंने एक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।"

राव ने कहा कि परिवार प्रशांत को जल्द से जल्द रिहा करवाने के लिए केंद्र से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। "दो साल से अधिक समय से, हमारे पास कोई सुराग नहीं था कि वह कहां और कैसा है। सोमवार को मैंने समाचार चैनलों पर एक छोटा वीडियो देखा और तभी मुझे पता चला कि वह पाकिस्तान में है। मुझे नहीं पता कि उसके साथ दूसरा व्यक्ति कौन है।"

पाकिस्तान की कैद में दूसरा व्यक्ति बारेलाल मध्य प्रदेश से हैं। दमोह जिले का बारेलाल तीन साल पहले नोहटा थाना के शीशपुर गांव से लापता हुआ था। युवक के पाकिस्तान में पकड़े जाने की सूचना पर मध्यप्रदेश पुलिस पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। पाकिस्तान में गिरफ्तारी के बाद मप्र पुलिस मुख्यालय ने युवक के संबंध में तमाम जानकारी गृह मंत्रालय और केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी हैं।

दमोह पुलिस ने जब बारेलाल के परिवार से बातचीत की तो मालूम हुआ कि बारेलाल मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसके भाई पदम सिंह ने पुलिस को बताया कि बारेलाल के 2017 में अचानक घर से लापता होने के बाद परिवार ने नोहटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लेकिन अब तक बारेलाल का कुछ पता नहीं चल सका था। बारेलाल पाकिस्तान कैसे पहुंचा इसको लेकर उसके परिवारजन चिंतित हैं। परिवार को अब भारत सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह बारेलाल को वापस भारत लेकर आएंगे।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टस के अनुसार पाकिस्तान पुलिस ने दो भारतीय युवकों को पकड़ा है। दोनों युवकों की गिरफ्तारी पाकिस्तान के बहावपुर क्षेत्र से हुई। युवकों के जो नाम और पहचान बताई गई है। उसके मुताबिक ये युवक मध्यप्रदेश और तेलंगाना के रहने वाले हैं। रिपोर्टस में दावा किया गया कि दोनों युवक गैर कानूनी तरीके से पाकिस्तान में दाखिल हुए थे। इनके पास पासपोर्ट नहीं है। इस खबर के आने के बाद से भारत सरकार सक्रिय हुई थी। साथ ही दोनों युवकों के संबंध में पाकिस्तान से जानकारी प्राप्त की जाने की खबर है।

 

 

Created On :   21 Nov 2019 1:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story