गांधी जी को न मानने वालों के साथ सपा सत्र में कैसे शामिल हो : अखिलेश

How to join SP session with non-believers of Gandhiji: Akhilesh
गांधी जी को न मानने वालों के साथ सपा सत्र में कैसे शामिल हो : अखिलेश
गांधी जी को न मानने वालों के साथ सपा सत्र में कैसे शामिल हो : अखिलेश

लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। समजावादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव गांधी जयंती के मौके पर हजरतगंज स्थित खादी आश्रम पहुंचे, और वहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने खादी आश्रम में चरखा भी चलाया। उन्होंने कहा कि जो लोग गांधीजी को नहीं मानते हैं, उनके साथ सत्र में उनकी पार्टी कैसे शामिल हो सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा, सर्वदलीय बैठक में 48 घंटे का विधानसभा बताया गया था। लेकिन भाजपा गांधी जी के विचारों को मानती ही नहीं है। इसीलिए उन्होंने सत्र को 36 घंटे का कर दिया। इसके बाद हमारी पार्टी ने इस सत्र में शामिल न होने का फैसला किया। जो लोग गांधीजी को नहीं मानते हैं, उनके साथ सत्र में पार्टी कैसे शामिल हो सकती है।

सपा मुखिया अखिलेश ने आरोप लगाया, भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े हुए लोग कभी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर नहीं चले। कभी सत्य का रास्ता नहीं अपनाया। ऐसा दल जिसके लोग हिंसा पर भरोसा करते हैं, वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मना रहा है।

उल्लेखनीय है कि सपा ने भाजपा सरकार द्वारा गांधी की 150वीं जयंती पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र का बुधवार को बहिष्कार किया। इसके एक दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस ने इस सत्र के बहिष्कार की घोषणा की थी।

अखिलेश ने यह भी कहा कि जिस दिन प्रशासन और चुनाव आयोग निष्पक्ष हो जाएगा, उसी दिन समाजवादी पार्टी और विपक्ष जीतने लगेगा। आजम खां का नाम लिए बिना अखिलेश ने कहा कि रामपुर में जिन अधिकारियों ने मुकदमे लगाए हैं और भाजपा को चुनाव जिताने का संकल्प लिया है, उनकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई है।

प्रियंका गांधी के हजरतगंज गांधी प्रतिमा स्थल तक मार्च निकालने पर अखिलेश ने कहा, यह तो अच्छा है कि सब लोग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के रास्ते पर चलें। उनके विचारों को अपनाएं और उन विचारों को अपने पॉलिटिकल एजेंडे में डालें।

घोसी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने पर अखिलेश ने कहा कि गलती हमारे पार्टी कार्यालय की है, और यह गलती हम लोगों ने स्वीकार किया है। जो फार्म दिया, उसमें दस्तखत नहीं थे।

अखिलेश ने कहा कि गांधी जी सभी के प्रेरक थे, उनकी याद में आज हम गांधी आश्रम में आए हैं। उनकी प्रेरणा से ही आज देश आगे बढ़ रहा है। देश में विकास और प्रगति हो, यह गांधीजी के विचार थे। उन्हीं के विचारों को लेकर आज का समाज और पूरा देश आगे बढ़ रहा है।

-- आईएएनएस

Created On :   2 Oct 2019 7:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story