IIT मुंबई के कार्यक्रम में दलाईलामा की भविष्यवाणी, महिला भी हो सकती है धर्म गुरु

In future Woman may also become on his position, Dalai Lama said in program of IIT Mumbai
IIT मुंबई के कार्यक्रम में दलाईलामा की भविष्यवाणी, महिला भी हो सकती है धर्म गुरु
IIT मुंबई के कार्यक्रम में दलाईलामा की भविष्यवाणी, महिला भी हो सकती है धर्म गुरु

डिजिटल डेस्क, मुंबई। तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने कहा है कि बौद्ध परंपरा बहुत उदार है और उसमें महिलाओं व पुरुषों को समान अधिकार हैं। इस लिए भविष्य में कोई महिला भी दलाईलामा बन सकती है। दलाई लामा शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह पूछे जाने पर कि क्या भविष्य में कोई महिला दलाई लामा हो सकती है? इस पर उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म ने दोनों लिंगों को समान अधिकार दिए हैं और तिब्बत तथा भारत में महिलाएं भी पंथ प्रमुख रह चुकी हैं। दलाई लामा ने कहा कि करीब 15 साल पहले एक फ्रांसीसी पत्रिका की संपादक ने मेरा साक्षात्कार लिया था। उन्होंने मुझसे पूछा था कि क्या भविष्य में कोई महिला दलाई लामा हो सकती है? मैंने कहा था, हां। अगर भविष्य में महिला ज्यादा प्रभावी हुई तो निश्चित तौर पर हां। बौद्ध परंपरा काफी उदार है।’ गौरतलब है कि अभी तक इस पद पर किसी महिला की नियुक्ति नहीं हो सकी है। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि बचपन से ही दी जाने वाली शिक्षा में भावनात्मक स्वच्छता की महत्ता को आत्मसात करना चाहिए क्योंकि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए दिमाग शांत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों ने ईश्वर की अवधारणा को केवल प्रार्थना करने के लिए अपनाया जबकि भारत ने मानसिक शांति की तकनीक विकसित की। दलाई लामा ने कहा कि खुशी का शांति से गहरा संबंध है। 20वीं सदी में काफी हिंसा और परेशानियां थी। 21वीं सदी में इसे दोहराना नहीं चाहिए और शांति होनी चाहिए। लेकिन आंतरिक शांति के बिना आप वास्तविक शांति पैदा नहीं कर सकते।’ 

कौन होते हैं दलाईलामा 
तिब्बतियन मान्यता के अनुसार जब कभी एक दलाई लामा की मृत्यु होती है, तो वह एक नए रूप में दोबारा से धरती पर जन्म लेता है। इसके बाद धर्म अधिकारी उस बच्चे की खोज करते हैं और फिर उसे ही अगला दलाई लामा नियुक्त किया जाता है। लामा की मृत्यु के बाद नए लामा की खोज का दायित्व गेलगुपा परंपरा के मुताबिक उच्च लामास और तिब्बत सरकार का रहता है। हालांकि इस खोज में कई वर्ष लग जाते हैं। तिब्बत के वर्तमान 14वें दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो को खोजने में 4 वर्षों का समय लगा था। 
 

Created On :   14 Dec 2018 1:17 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story