प्लास्टिक सर्जरी कर 50 पुराने वृक्ष को दिया जीवनदान

In gondiya plastic surgery saved the life of a 50 year old tree
प्लास्टिक सर्जरी कर 50 पुराने वृक्ष को दिया जीवनदान
प्लास्टिक सर्जरी कर 50 पुराने वृक्ष को दिया जीवनदान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। प्लास्टिक सर्जरी वैसे तो आमतौर पर इंसान पर की जाती है लेकिन गोंदिया के देवरी में एक वृक्ष की प्लास्टिक सर्जरी कर जीवनदान दिया गया। जहां चाह वहां राह को चरितार्थ करने वाली घटना देवरी तहसील में घटी जहां एक पर्यावरण प्रेमी की पहल पर लगभग सूख चुके एक 50 वर्षीय वृक्ष को पुनर्जीवित किया गया। वृक्ष पर प्लास्टिक सर्जरी का संभवत: यह पहला ही प्रयोग है। गोंदिया जिले की देवरी तहसील के ग्राम मरामजोब में 50 वर्ष के सावरी वृक्ष की प्लास्टिक सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया गया। गोंदिया जिले के तत्कालीन जिलाधिकारी अभिमन्यु काले के मार्गदर्शन में गोंदिया वनविभाग द्वारा  किए गए इस प्रयोग  की चर्चा अब जिले के साथ ही संपूर्ण महाराष्ट्र में होने लगी है। लोग इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं।

तस्करों ने हटा दी थी छाल
बताया जा रहा है कि लकड़ा तस्करी करनेवालों ने  सावरी प्रजाति के वृक्ष की छाल जमीन से 5 फीट की उंचाई पर छील कर हटा दी थी। आमतौर पर छाल निकालने पर वृक्ष सूख जाते हैं। जिसके बाद उन्हें काटने में आसानी होती है। लेकिन इसी रास्ते से जा रहे तत्कालीन जिलाधिकारी, पर्यावरण प्रेमी अभिमन्यु काले को यह छाल निकला हुआ वृक्ष दिखाई दिया। जिसके बाद उन्होंने वनविभाग के साथ मिलकर छाल निकालने वाले व्यक्ति पर मामला दर्ज करने के साथ ही वृक्ष को जीवन देने के लिए युक्ति लगाई।

इस तरह किया प्लास्टिक सर्जरी
सावरी के वृक्ष के तने पर महुआ के वृक्ष की छाल लगाकर प्लास्टिक के माध्यम से बांध दिया गया। लोगों को इस प्रयोग से ज्यादा आशा नहीं थी लेकिन देखते ही देखते कुछ ही दिनों में सूखे हुए सावरी के वृक्ष पर पत्ते आने लगे। प्लास्टिक सर्जरी के दो-तीन माह के पश्चात  वही सूखा हुआ वृक्ष पत्तों  से लहलहाने लगा। प्लास्टिक सर्जरी के माध्यम से व्यक्ति ही नहीं वृक्ष को भी जीवनदान दिया जा सकता है।

Created On :   6 Jun 2018 8:40 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story