मुगलसराय में गाय चुराने के आरोपी दो युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा

मुगलसराय में गाय चुराने के आरोपी दो युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा

डिजिटल डेस्क, मुगलसराय। उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में गायों की चोरी के आरोप में गुस्साई भीड़ ने रविवार को दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। यहां भीड़ ने इन दो युवकों को न सिर्फ पीटा बल्कि रस्सी से बांध कर जुलूस भी निकाला। दरअसल मुगलसराय के सुभाष नगर इलाके से यह दोनों आरोपी गाय की कथित तौर पर चोरी कर एक घर से भाग रहे थे। इस दौरान इकट्ठा हुई भीड़ ने दोनों युवकों को जमकर पीटा।                                                    

गौरतलब है कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी एस.के. सिंह ने कहा, "एक स्थानीय व्यक्ति की गाय और बछड़े को चुराकर दोनों भागने की  कोशिश कर रहे थे। जिसके बाद पड़ोस के कई लोगों की मदद से गाय के मालिक ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया था।"                                              

सिंह ने कहा, "हमने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।" आरोपी युवकों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। यही नहीं एसपी ने कहा कि दोनों युवकों की पिटाई करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में गोतस्करी के आरोपों में पिटाई से मौत की खबरें आती रही हैं। ऐसे में इस तरह के मामले कानून-व्यवस्था की दृष्टि से तो चिंताजनक हैं ही राजनीतिक लिहाज से भी बेहद संवेदनशील हैं। 

"गोकशी करोगे तो यूं ही मरोगे"

अभी कुछ दिन पहले ही राजस्थान में अलवर के रामगढ़ से BJP विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने गायों की तस्करी को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि "मेरा तो सीधा-सीधा कहना है गोतस्करी करोगे और गोकशी करोगे, तो यूं ही मरोगे।" बीजेपी विधायक ने यह भी कहा कि अलवर और भरतपुर जिले में हरियाणा के गो तस्कर राजस्थान के मारवाड़ और मेवाड़ से लेकर दूर-दूर से गायों को तस्करी कर लाते हैं। आपको बता दें कि आहूजा अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं।

Created On :   8 Jan 2018 5:12 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story